दो अधिकारी भाइयों के घर में लाखों की चोरी, बेटी की शादी के लिए रखे गहने भी ले उड़े
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 29 May 2026 7:42 AM
चोरी की प्रतीकात्मक तस्वीर.
Patna News : दोनों भाई फुलवारीशरीफ के आनंद विहार कॉलोनी स्थित एक ही मकान में परिवार के साथ रहते हैं. मां के श्राद्धकर्म करने पूरा परिवार पालीगंज के अकोढ़ी गांव गया हुआ था.
Patna News : फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के अखाड़ा पर स्थित आनंद विहार कॉलोनी में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक ही मकान में रहने वाले दो सहोदर अधिकारी भाइयों के सूने घर को निशाना बनाया. चोरों ने करीब 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया.
पीड़ित परिवार के अनुसार, समदेश पासवान भोजपुर जिले के पीरो में मार्केटिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके छोटे भाई रवि भूषण पासवान समस्तीपुर में बीडीओ के पद पर तैनात हैं. दोनों भाई फुलवारीशरीफ के आनंद विहार कॉलोनी स्थित एक ही मकान में परिवार के साथ रहते हैं.
मां के श्राद्धकर्म में गए थे गांव, इसी दौरान बनाया निशाना
बताया जाता है कि हाल ही में दोनों भाइयों की माता का निधन हो गया था. श्राद्धकर्म के सिलसिले में पूरा परिवार 26 मई की शाम पालीगंज के महाबलीपुर स्थित अपने पैतृक गांव अकोढ़ी गया हुआ था. इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया.
28 मई की सुबह परिवार का एक सदस्य किसी काम से पटना स्थित घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का टूटा ताला देखकर उसके होश उड़ गए. घर के अंदर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व लॉकर टूटे हुए मिले.
दो लाख नकद व 40 लाख से अधिक के गहने ले गए चोर
जानकारी के अनुसार, चोरों ने घर के पीछे की चारदीवारी के पास लगी ग्रिल को कटर मशीन से काटकर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद दोनों भाइयों के कमरों को पूरी तरह खंगालते हुए करीब दो लाख रुपये नकद और 40 लाख रुपये से अधिक के जेवरात चोरी कर लिए.
पीड़ित समदेश पासवान अपनी बेटी की शादी की तैयारी कर रहे थे. इसके लिए उन्होंने लाखों रुपये के नए आभूषण बनवाकर रखे थे. चोर नए गहनों के साथ-साथ उनकी दिवंगत माता के करीब 22 भर पुराने सोने के आभूषण, पत्नी का मंगलसूत्र, चेन, हार, जितिया, पायल और अंगूठियां भी ले उड़े.
स्थानीय लोग सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन इंजीत कुमार ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी. मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड बुलाने की मांग की गई है. स्थानीय लोग आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं.
पुलिस पर सवाल, मुख्य सड़क तक ही गश्त
इस बड़ी चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. लोगों का आरोप है कि पुलिस केवल मुख्य सड़क तक ही गश्त करती है और कॉलोनी के अंदर नहीं जाती, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.
फुलवारीशरीफ थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित परिवार से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










