नीतीश कुमार के बेटे के पास कितनी संपत्ति, नामांकन में हुआ खुलासा, जानिए शपथ पत्र की पूरी डिटेल

Updated:
विज्ञापन
nishant kumar

निशांत कुमार

Nishant Kumar: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले निशांत कुमार ने अपने शपथ पत्र में संपत्ति, शिक्षा और निवेश से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक की है. दस्तावेजों के अनुसार उनके पास 4.63 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है. उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की थी, लेकिन डिग्री पूरी नहीं कर सके.

विज्ञापन

Nishant Kumar: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए जदयू उम्मीदवार और बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है. नामांकन के साथ जमा किए गए शपथ पत्र में उन्होंने अपनी संपत्ति, वाहन, शिक्षा और अन्य जानकारियां सार्वजनिक की हैं. शपथ पत्र के अनुसार निशांत कुमार के पास कुल 4.63 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है. इसमें नकदी, निवेश, जमीन और फ्लैट शामिल है. उनके ऊपर किसी प्रकार का कर्ज नहीं है और न ही उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज है.

चल और अचल संपत्ति मिलाकर 4.63 करोड़ रुपये की संपत्ति

दस्तावेजों में दी गई जानकारी के मुताबिक निशांत कुमार के पास करीब 1.96 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है. इसमें बैंक जमा, निवेश और अन्य संपत्तियां शामिल हैं. उनकी अचल संपत्ति की कीमत लगभग 2.67 करोड़ रुपये बताई गई है. इसमें से करीब 1.06 करोड़ रुपये की संपत्ति उन्होंने स्वयं अर्जित की है, जबकि करीब 1.61 करोड़ रुपये की संपत्ति उन्हें पारिवारिक विरासत के रूप में मिली है.

पटना और नालंदा में जमीन और फ्लैट

निशांत कुमार के पास नालंदा जिले के कल्याणबीघा में जमीन है. इसके अलावा पटना के कंकड़बाग, शेखपुरा और जगनपुरा इलाके में भी जमीन और फ्लैट दर्ज हैं. शपथ पत्र के अनुसार उनके पास 17 हजार रुपये नकद भी मौजूद हैं. इसके अलावा उन्होंने फिक्स्ड डिपॉजिट, म्यूचुअल फंड और डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं में भी निवेश कर रखा है.

दो कारें हैं, लेकिन कोई सोना-चांदी नहीं

वाहनों की बात करें तो निशांत कुमार के पास दो चारपहिया वाहन हैं. इनमें एक हुंडई ग्रैंड आई10 और दूसरी किया सेल्टोस शामिल है. शपथ पत्र में उन्होंने सोने या चांदी के किसी आभूषण का जिक्र नहीं किया है. दस्तावेजों के अनुसार उनके पास कोई कीमती आभूषण नहीं है.

इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी नहीं कर सके निशांत

निशांत कुमार को अक्सर लोग इंजीनियर के रूप में जानते हैं, लेकिन उनके शपथ पत्र में दी गई जानकारी कुछ अलग तस्वीर दिखाती है. उन्होंने बताया है कि उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू जरूर की थी, लेकिन डिग्री पूरी नहीं कर सके. शपथ पत्र के अनुसार उन्होंने इंजीनियरिंग कोर्स के केवल पांच सेमेस्टर तक ही पढ़ाई की.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

पटना साइंस कॉलेज से इंटर, फिर BIT मेसरा में लिया था दाखिला

एजुकेशनल जानकारी में बताया गया है कि निशांत कुमार ने 1998 में पटना साइंस कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी. इसके बाद उन्होंने रांची स्थित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT) मेसरा में कंप्यूटर साइंस में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग कोर्स में एडमिशन लिया था. बाद में उन्होंने यह कोर्स पूरा नहीं किया और इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल नहीं कर सके.

न कर्ज, न कोई आपराधिक मामला

नामांकन पत्र के साथ जमा जानकारी के मुताबिक निशांत कुमार पर किसी भी तरह का बैंक या निजी कर्ज नहीं है. इसके अलावा उनके खिलाफ कोई आपराधिक मुकदमा भी दर्ज नहीं है.

इसे भी पढ़ें: बिहार में जमीन नपवाना हुआ दोगुना महंगा, सासामूसा चीनी मिल फिर चलेगी, सम्राट कैबिनेट का बड़ा फैसला

अब 30 दिनों में मिलेगी फैक्ट्री खोलने की मंजूरी, बिहार में लागू हुआ सिंगल विंडो सिस्टम

विज्ञापन
परितोष शाही

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन