पटना: पति की दूसरी शादी की चर्चा के बीच विवाहिता ने फांसी लगाई, मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका

सांकेतिक तस्वीर
पटना के मसौढ़ी में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है. चाय बनाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद महिला ने फांसी लगा ली, या यह एक हत्या है? मायके पक्ष ने पति की दूसरी शादी पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है.
Patna domestic dispute: मसौढ़ी के धनरूआ थाना क्षेत्र के लवाईच गांव में रविवार की सुबह 36 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार महिला ने कमरे में पंखे के हुक से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मायके पक्ष की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया.
एफएसएल टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने पर एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
चाय बनाने को लेकर हुई थी कहासुनी
पुलिस के अनुसार घटना से पहले मृतिका और उनकी सास के बीच चाय बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी. इसके बाद सास किसी काम से पटना चली गईं. इसी दौरान महिला ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी.
हैदराबाद में रहता है पति
मृतका के पति अपने पिता और भाई के साथ हैदराबाद में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं. दंपती के डेढ़ वर्षीय पुत्र और पांच वर्षीय पुत्री गांव में अपनी मां के साथ रहते थे.
दूसरी शादी की चर्चा से बढ़ा विवाद
ग्रामीणों के अनुसार करीब पांच वर्ष पहले दूसरी शादी कर ली थी और वह दूसरी पत्नी व बच्चों के साथ हैदराबाद में रहता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच मोबाइल फोन पर अक्सर विवाद होता रहता था.
मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
धनरूआ थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद आरोपों की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. हालांकि पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










