पीएम आवास योजना की किस्त अटकी, बिहार के 10 लाख परिवारों की बढ़ गयी मुश्किल
Published by : Ashish Jha Updated At : 18 Aug 2025 10:07 AM
AI generated Image
PM Awas Yojana: बिहार में करीब 10 लाख परिवारों की पीएम आवास योजना की किस्त अटक गई है. केंद्र सरकार द्वारा पीएम आवास योजना की राशि के भुगतान की व्यवस्था बदले जाने की वजह से यह समस्या आ रही है. अभी कुछ दिन और पैसा लाभार्थियों के खाते में आने की संभावना नहीं है.
PM Awas Yojana: पटना. प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की किस्त का भुगतान बंद हो गया है. इससे बिहार के 10 लाख से अधिक चयनित लाभार्थी परिवारों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है. वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण पहले ही धीमा चल रहा था. अब किस्त का भुगतान रुकने से आवास निर्माण का कार्य और अधिक प्रभावित होगा. ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार, केंद्र सरकार ने इस योजना मेंराशि भुगतान की व्यवस्था में बदलाव कर दिया है. इस कारण करीब दो सप्ताह से राशि का भुगतान नहीं हो पा रहा है. इसको लेकर वित्त विभाग भी नई व्यवस्था के अनुरूप कार्रवाई कर रहा है, ताकि राशि का भुगतान शुरू किया जा सके.
नयी व्यवस्था के कारण नहीं आ रहा पैसा
नई व्यवस्था के तहत अब राशि का भुगतान सीधे आरबीआई के माध्यम से होगा. पहले राशि की निकासी कर बैंक में जमा की जाती थी. फिर लाभार्थियों के खाते में राशि भुगतान की कार्यवाही होती थी. यह प्रक्रिया अब बंद कर दी गई है. इस कारण आवास सॉफ्ट को नई व्यवस्था के साथ टैग किया जा रहा है. पदाधिकारी बताते हैं कि इसमें 10 से 15 दिनों का समय लग सकता है. इससे साफ है कि लाभुकों को राशि का भुगतान होने में अभी और देरी होगी.
महज 15 प्रतिशत ही हुआ है काम
वित्तीय वर्ष 2024-25 में दो बार में करीब साढ़े सात लाख आवास की स्वीकृति केंद्र सरकार ने दी थी. वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में अप्रैल में और साढ़े पांच लाख और आवास की स्वीकृति मिली. बाद में इनमें कई के नाम विभिन्न कारणों से सूची से हटाए भी गए हैं. इस तरह वर्तमान में राज्य के 12 लाख 26 हजार 428 लाभार्थियों को पक्का मकान बनाने के लिए राशि दी जानी है. इनमें 12 लाख तीन हजार को मकान बनाने की स्वीकृति दी जा चुकी है. वहीं, अब तक 15 प्रतिशत यानी एक लाख 81 हजार 200 के मकान का निर्माण ही पूरा हुआ है.
हर किस्त में मिलते हैं 40 हजार
मिली जानकारी के अनुसार, अब तक 11 लाख 36 हजार लाभुक परिवारों को पहली किस्त का भुगतान हो चुका है. तीन किस्तों में भुगतान पीएम आवास योजना के तहत हर लाभार्थी परिवार को तीन किस्तों में राशि का भुगतान किया जाता है. हर किस्त में 40-40 हजार रुपये दिये जाते हैं. इस योजना में वैसे परिवारों का चयन किया जाता है, जो आवासविहीन हैं, अथवा कच्चे मकान में रहते हैं.
Also Read: MLC हो या MLA, बिहार विधानमंडल के सभी सदस्य अब कहे जायेंगे ‘विधायक’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










