बिहार के बाहुबली विधायक रीतलाल यादव की पूरी कहानी, चलती ट्रेन में कॉन्ट्रैक्टर की हत्या का लगा था आरोप

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 18 Apr 2025 9:05 AM

विज्ञापन

रितलाल यादव की तस्वीर

Ritlal Yadav: दानापुर के बाहुबली आरजेडी विधायक रीतलाल यादव ने गुरुवार सुबह कोर्ट में सरेंडर कर दिया. उन पर बिल्डर से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है. रीतलाल की गिनती राज्य के सबसे विवादित नेताओं में होती है. जिनका अतीत अपराध, जमीन विवाद और सियासी दांवपेंचों से भरा रहा है. पढ़िए उनकी पूरी कहानी...

विज्ञापन

Ritlal Yadav: एक बार फिर बिहार की राजनीति के चर्चित चेहरे और दानापुर के बाहुबली विधायक रीतलाल यादव सुर्खियों में हैं. गुरुवार की सुबह उन्होंने दानापुर कोर्ट में सरेंडर किया, जहां उन पर एक बिल्डर से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप हैं. कोर्ट ने उन्हें सीधे बेऊर जेल भेज दिया है. चौंकाने वाली बात यह है कि अब तक उनकी ओर से जमानत की कोई अपील दाखिल नहीं की गई है.

सड़कों से सत्ता के गलियारों तक का सफर

रीतलाल यादव का नाम पहली बार लोगों की जुबान पर तब आया, जब 90 के दशक में वे दानापुर स्टेशन रोड पर राहगीरों से छीना-झपटी और मोटरसाइकिल चोरी के आरोपों में घिरे. कोथावां गांव के रहने वाले रीतलाल, उस समय क्षेत्र के सामाजिक समीकरणों और जातिगत दबदबे के बीच पले-बढ़े. कुर्मी बहुल इस इलाके में यादवों के उदय के दौर में उन्होंने खुद को एक दबंग के रूप में स्थापित किया.

धीरे-धीरे, रीतलाल का नाम स्थानीय जमीन विवादों और जबरन वसूली में आने लगा. अगर किसी को बाउंड्री बनानी हो या मकान खड़ा करना हो तो पहले रीतलाल यादव से मुलाकात करनी पड़ती थी.

आरपी शर्मा के साथ सौदों ने बदली किस्मत

दानापुर में आरपीएस कॉलेज के मालिक आरपी शर्मा के साथ उनका गठजोड़ रीतलाल के जीवन का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. रीतलाल ने किसानों पर दबाव बनाकर जमीन दिलवाई, बदले में उन्हें अच्छी-खासी रकम मिली. यही वो मोड़ था, जहां उन्होंने ‘सिस्टम’ को अपने मुताबिक चलाना शुरू किया.

राजनीति में इंट्री और लालू यादव से नजदीकी

2000 के बाद रीतलाल की पहचान सिर्फ एक दबंग तक सीमित नहीं रही. लालू यादव से नजदीकियां बढ़ीं, खासकर तब जब मीसा भारती के चुनावी अभियान में रीतलाल का पूरा कुनबा कूद पड़ा. 2016 में निर्दलीय एमएलसी बने, फिर 2020 में आरजेडी के टिकट पर विधायक भी बन गए.

तेजस्वी यादव के करीबी और आरजेडी के चुनावी अभियानों में फाइनेंसर की भूमिका निभाते हुए वे संगठन में एक शक्तिशाली चेहरे के तौर पर उभरे. बताया जाता है कि रैली से लेकर मंच, पोस्टर से लेकर प्रचार वाहन तक कई बार रीतलाल ने खुद फंडिंग की है.

रेलवे ठेके और बाहरी राज्यों तक फैलती पकड़

सिर्फ पटना ही नहीं, समस्तीपुर से लेकर गोरखपुर और गुवाहाटी तक रेलवे ठेकेदारी में रीतलाल का नेटवर्क फैल चुका था. सूरजभान सिंह और हुलास पांडेय जैसे चर्चित नामों के साथ नजदीकी ने उनके रसूख को और मजबूत कर दिया.

आज भी बिना ‘सहमति’ ठेका असंभव

दानापुर में जमीन विवाद हो या नाला निर्माण रीतलाल के लोगों की ‘मौजूदगी’ के बिना कुछ भी संभव नहीं है. चाहे बेली रोड हो या शिवाला इलाका हर छोटे-बड़े ठेके में उनकी छाया बनी रहती है.

विवादों से नाता नहीं टूटा

हालांकि, विवाद भी उनका साथ नहीं छोड़ते. कभी चलती ट्रेन में कॉन्ट्रैक्टर की हत्या का मामला, कभी घाट पर विरोधी की मौत. रीतलाल का नाम हर बार सामने आता है. ताजा मामला एक फेमस बिल्डर से रंगदारी मांगने का है, जिसने एक बार फिर उनके ‘पुराने रंग’ को सबके सामने ला दिया है.

क्या चुनावी समीकरणों पर पड़ेगा असर?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मामला राजद के लिए भारी पड़ सकता है. ऐसे समय में जब पार्टी छवि सुधारने की कोशिश कर रही है, रीतलाल जैसे चेहरों के पुराने कारनामे ‘जंगलराज’ की याद दिला सकते हैं. अगर सामाजिक समीकरण उलटे तो इसका सीधा नुकसान आगामी चुनावों में आरजेडी को झेलना पड़ सकता है.

दानापुर की गलियों से बेऊर जेल तक पहुंचा यह सफर सिर्फ एक व्यक्ति की कहानी नहीं है, बल्कि बिहार की राजनीति की उस परछाईं का हिस्सा है, जहां बाहुबल, राजनीति और पूंजी एक त्रिकोण बनाकर सत्ता की धुरी घुमा देते हैं.

Also Read: समर्थकों के लिए मसीहा विरोधियों के लिए आतंक! राजनीति, अपराध और सत्ता के बेताज बादशाह की कहानी 

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन