बिहार के 29 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, अगले 3 दिनों तक रहेगा घना से बहुत घना कोहरा, एडवाइजरी जारी

Published by : Paritosh Shahi Updated At : 02 Jan 2026 6:48 PM

विज्ञापन

AI फोटो

Bihar Orange Alert: मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने बिहार के 29 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ दिनों तक दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है. ठंड और शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी.

विज्ञापन

Bihar Orange Alert: मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने शुक्रवार को मौसम चेतावनी जारी करते हुए बिहार के 29 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, पटना, भोजपुर, बक्सर, जहानाबाद, गया, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय, मधेपुरा, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया और कटिहार जिलों के कुछ स्थानों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो सकती है.

घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. विशेष रूप से वाहन चालकों को कम विजिबिलिटी को देखते हुए धीमी गति से वाहन चलाने, फॉग लाइट का प्रयोग करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने यह भी चेतावनी दी है कि विजिबिलिटी में भारी कमी के कारण विमान परिचालन पर भी असर पड़ सकता है.

तापमान को लेकर अपडेट

बिहार में ठंड और कोहरे का असर लगातार बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा. इस दौरान किशनगंज जिले में कोल्ड-डे दर्ज किया गया, जिससे सामान्य जनजीवन पर ठंड का प्रभाव और बढ़ गया है.

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अधिकतम तापमान 17.2 से 24.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. सबसे अधिक तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस 1 जनवरी को किशनगंज में दर्ज किया गया. बीते 24 घंटों में राज्य के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखी गई. अन्य जिलों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ.

न्यूनतम तापमान 5.1 से 13.1 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया. सबसे कम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस 2 जनवरी को अगवानपुर में दर्ज किया गया. अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

कोहरे से बढ़ी परेशानी

कोहरे ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है. बीते 24 घंटों के दौरान गया में न्यूनतम विजिबिलिटी शून्य मीटर तक पहुंच गई. इससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन ठंड और कोहरे की चुनौती बनी रहेगी.

मौसम विभाग ने बताया है कि 3 जनवरी को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा. 3 जनवरी को इन जिलों के साथ-साथ राज्य के पश्चिमी भागों में भी घने कोहरे की संभावना है.

4 जनवरी को पश्चिमी और उत्तर-मध्य जिलों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति बन सकती है. 5 से 7 जनवरी के बीच राज्य के उत्तरी और दक्षिण-पश्चिमी जिलों में भी घना कोहरा छाए रहने के संकेत हैं.

इसे भी पढ़ें: नए साल में बढ़ी लालू यादव की मुश्किलें, संपत्ति जांच की मांग तेज, नए घर पर सियासी बवाल

विज्ञापन
Paritosh Shahi

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन