बिहार में अब तालाब-पोखर वाले कमाएं लाखों रुपए, बैंक्वेट हॉल से बोटिंग तक... सरकार करेगी पूरी व्यवस्था
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 21 Jun 2025 7:04 AM
सांकेतिक तस्वीर
Bihar News: बिहार सरकार जल्द ही "तालाब पर्यटन विकास योजना" शुरू करने जा रही है. इस योजना के तहत 5 एकड़ से बड़े तालाबों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा. जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
Bihar News: बिहार सरकार अब वाटर टूरिज्म को ग्रामीण स्तर पर भी विस्तार देने जा रही है. इसके लिए राज्य में जल्द ही “तालाब पर्यटन विकास योजना” की शुरुआत होने वाली है. इस योजना के तहत 5 एकड़ या उससे बड़े राजकीय और निजी तालाबों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा. इसका मकसद न केवल पर्यटन को बढ़ावा देना है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करना है.
604 बड़े तालाबों की सूची तैयार
पर्यटन और लघु जल संसाधन विभाग ने अब तक 604 ऐसे तालाबों की पहचान की है जो 5 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में फैले हुए हैं. ये तालाब मुख्य रूप से पटना, गया, नालंदा, भागलपुर और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों में स्थित हैं. योजना की खास बात यह है कि अगर किसी निजी व्यक्ति के पास भी इतना बड़ा तालाब है, तो वह सरकार को आवेदन देकर इस योजना में शामिल हो सकता है.
तालाब किनारे बनेगा पिकनिक और टूरिज्म जोन
सरकार इन तालाबों के आसपास पैदल पथ, बेंच, रेस्ट शेड, नाव सेवा, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और पर्यटक सूचना केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना बना रही है. इससे गांवों में भी एक नया पर्यटन अनुभव मिलेगा और स्थानीय लोगों को नौकरी और व्यापार के अवसर मिलेंगे.
लीज पर मिलेंगे सरकारी तालाब
राजकीय तालाबों को 5 साल की अवधि के लिए लीज पर दिया जाएगा. इनका रखरखाव और संचालन स्थानीय व्यक्ति या समूह को सौंपा जाएगा, जिससे उन्हें सीधी आय होगी. निजी तालाब मालिकों के लिए भी यह योजना एक कमाई का जरिया बन सकती है.
वाटर टूरिज्म को नई ऊंचाई
बिहार सरकार ने पहले ही कुढ़नी डैम, बांका, रोहतास और सासाराम जैसे क्षेत्रों में वाटर टूरिज्म की दिशा में कई पहलें की हैं. अब यह योजना तालाब आधारित पर्यटन को नई ऊंचाई देने की कोशिश है. यह योजना ना सिर्फ पर्यटन का नया चेहरा बनेगी, बल्कि ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक अहम कदम साबित हो सकती है.
(सहयोगी सुमेधा श्री की रिपोर्ट)
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










