ePaper

बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा- नौ बजे बंद हुआ गेट, दो स्तर पर हुई जांच, खुलवाया गया जूता-मोजा

Updated at : 17 Feb 2026 9:18 PM (IST)
विज्ञापन
बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा- नौ बजे बंद हुआ गेट, दो स्तर पर हुई जांच, खुलवाया गया जूता-मोजा

मैट्रिक परीक्षा के दूसरे दिन दोनों पालियों में गणित विषय की परीक्षा आयोजित की जायेगी.

विज्ञापन

संवाददाता, पटना

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बिहार बोर्ड) की ओर से आयोजित मैट्रिक की वार्षिक परीक्षा मंगलवार से शुरू हुई, जो 25 फरवरी तक आयोजित की जायेगी. परीक्षा केंद्रों पर सुबह 7:30 बजे से ही विद्यार्थियों ने आना शुरू कर दिया था. सुबह आठ बजे तक परीक्षा केंद्र के गेट पर काफी भीड़ जुट गयी थी. सुबह नौ बजते ही बिहार बोर्ड के दिशा निर्देश के अनुसार परीक्षा केंद्रों का मेन गेट बंद कर दिया गया. विद्यार्थियों को केंद्र में एंट्री से पहले गेट पर तैनात पुलिस कर्मियों ने दो लेयर में जांच की इसके बाद ही विद्यार्थियों को केंद्र के अंदर एंट्री दी गयी. शहर के मिलर हाइ स्कूल में नौ बजे गेट बंद होने के बाद कुछ विद्यार्थी पहुंचे, जिनकी परीक्षा छूट गयी. बांकीपुर बालिका उच्च माध्यमिक माध्यमिक, बीएन काॅलेजिएट स्कूल, पटना कॉलेजिएट स्कूल, रघुनाथ बालिका उच्च माध्यमिक, कंकड़बाग, कमला नेहरु बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजेंद्र बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय में शांतिपूर्ण माहौल में पहले दिन की परीक्षा संपन्न हुई.

गेट पर ही खुलवाया गया जूता-मोजा

बिहार बोर्ड के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थिों को जूता-मोजा पहनकर आना वर्जित किया गया था. जो विद्यार्थी जूता-मोजा पहनकर आये थे उनको गेट या परीक्षा हॉल के बाहर ही जूता-मोजा खुलवा दिया गया. दोनों पालियों में भाषा विषयों की परीक्षा आयोजित हुई.

बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशाेर ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बिहार बोर्ड) की ओर से आयोजित आयोजित मैट्रिक की वार्षिक परीक्षा मंगलवार से राज्य के 1,699 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू की गयी. पहले दिन दोनों पालियों में भाषा विषय- हिंदी, बांग्ला, उर्दू और मैथिली विषय की परीक्षा हुई. समिति के अनुसार परीक्षा में कुल 15,12,687 परीक्षार्थी शामिल हुए जिसमें 7,85,726 छात्राएं और 7,26,961 छात्र हैं. पटना जिले में 71,022 परीक्षार्थियों के लिए कुल 70 केंद्र बनाये गये हैं. बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने पटना के रामलखन सिंह यादव हाइस्कूल, पुनाईचक, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूली, बांकीपुर और देवीपद चौधरी (मिलर हाइस्कूल) इंटर स्तरीय स्कूल का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा संचालन में पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. अध्यक्ष ने परीक्षार्थियों से पूछे गये प्रश्नों की जानकारी प्राप्त की. सभी छात्रों ने प्रश्न को लेकर संतुष्ट दिखे. उन्होंने परीक्षा केंद्र पर रखे विजिटर रजिस्टर पर हस्ताक्षर किया.

आज गणित विषय की होगी परीक्षा

मैट्रिक परीक्षा के दूसरे दिन दोनों पालियों में गणित विषय की परीक्षा आयोजित की जायेगी. प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 12:45 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से 5:15 बजे तक आयोजित होगी. गणित विषय में नेत्रहीन विद्यार्थियों के लिए गणित के बदले गृह विज्ञान विषय की परीक्षा प्रथम पाली में आयोजित होगी. नेत्रहीन विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए निर्धारित समय में प्रति घंटा 20 मिनट अतिरिक्त समय दिया जायेगा.

जिनकी परीक्षा छूटी वे अप्रैल में देंगे विशेष परीक्षा

बिहार बोर्ड ने कहा कि जिनकी परीक्षा छूटी है उनको घबराने की जरूरत नहीं है. उनकी विशेष परीक्षा अप्रैल में आयोजित की जायेगी. मई में रिजल्ट प्रकाशित कर दिया जायेगा. विशेष परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को भी ग्रेड दिया जायेगा. पहले दिन की जिनकी परीक्षा छूटी वे दूसरे दिन की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं. बोर्ड ने विद्यार्थियों से आग्रह किया है वे परीक्षा में शामिल होते रहें.

विज्ञापन
AMBER MD

लेखक के बारे में

By AMBER MD

AMBER MD is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन