सेंटर मैनेजमेंट के नाम पर वसूली व खराब रिजल्ट का आरोप, बेलदारीचक में आगजनी, पटना-गया मार्ग जाम किया
बेलदारीचक में पटना-गया मुख्य मार्ग जाम करते प्रदर्शनकारी
बेलदारीचक स्थित मां तारा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन में छात्रों का हंगामा देखने को मिला. लाखों रुपये वसूलने और फेल करने के आरोप में छात्रों ने पटना-गया मुख्य मार्ग को घंटों जाम कर दिया और आगजनी भी की. संस्थान प्रबंधन से बातचीत की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा.
Beldari Students Protest : फुलवारी शरीफ के बेलदारीचक स्थित मां तारा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन एवं रघुनंदन शिक्षा केंद्र में विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया. आक्रोशित छात्रों ने पटना-गया मुख्य मार्ग को घंटों जाम कर दिया और सड़क पर आगजनी भी की. सूचना मिलते ही गौरीचक थाना समेत दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया.
आपके शहर में
छात्रों का आरोप, लाखों रुपये लेने के बाद फेल करा दिया गया
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने संस्थान प्रबंधन पर सेंटर मैनेजमेंट के नाम पर अलग-अलग छात्रों से अलग-अलग राशि वसूलने का आरोप लगाया. छात्रों का कहना है कि लाखों रुपये लेने के बावजूद सैकड़ों छात्रों को फेल कर दिया गया. इससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की परेशानी बढ़ गयी है. छात्रों ने बताया कि वे अपनी समस्याओं को लेकर संस्थान के डायरेक्टर और प्रिंसिपल से बातचीत करना चाहते हैं, लेकिन कोई भी पदाधिकारी उनसे बात करने के लिए मौके पर नहीं पहुंचा.
मुख्य द्वार पर ताला लगाने का आरोप, छात्रों ने आगजनी भी की
छात्रों का आरोप है कि संस्थान के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया गया और उन्हें अंदर प्रवेश करने से रोक दिया गया. छात्रों के अनुसार, संस्थान के अधिकारी अंदर मौजूद हैं, लेकिन छात्रों, पुलिस और मीडिया से बातचीत नहीं कर रहे हैं. इससे आक्रोशित छात्रों ने मुख्य द्वार के बाहर जमकर नारेबाजी की.
बीएससी नर्सिंग की छात्राओं श्वेता राज और चीकू कुमारी सहित अंकुश सिंह, करण दुबे, संदेश राज और पप्पू कुमार समेत सैकड़ों छात्र संस्थान के मुख्य द्वार पर जुटे रहे. छात्रों ने प्रबंधन से बातचीत कराने और उनकी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की.

पुलिस ने लिखित शिकायत देने की दी सलाह
मौके पर गौरीचक थाना के एसआई धर्मेंद्र कुमार गिरी, एसआई मनीष कुमार और एसआई अजय कुमार यादव पहुंचे. पुलिस पदाधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर प्रदर्शन शांत कराने का प्रयास किया. एसआई धर्मेंद्र कुमार गिरी ने छात्रों को अपनी शिकायत लिखित आवेदन के माध्यम से गौरीचक थाना में देने की सलाह दी. वहीं, गौरीचक थानाध्यक्ष सुमन कुमार भी छात्रों से फोन पर लगातार संपर्क कर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास करते रहे.

प्रदर्शनकारी छात्र बोले- प्रिंसिपल समस्याएं सुनें व समाधान करें
छात्रों का कहना है कि इस बार मेडिकल क्षेत्र से जुड़े छात्रों का रिजल्ट बेहद खराब आया है, जिसके विरोध में अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन हो रहे हैं. इसी क्रम में बेलदारीचक में भी छात्रों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया. छात्रों की मांग है कि संस्थान के डायरेक्टर और प्रिंसिपल स्वयं मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनें और समाधान का आश्वासन दें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए