ePaper

पटना के अटल पथ पर बवाल की पूरी साजिश जानिए, 2 लाख की डील में उपद्रवियों में बंटे थे 2500-2500 रुपए

Updated at : 26 Aug 2025 7:51 PM (IST)
विज्ञापन
patna atal path violence

अटल पथ पर जलायी गयी कार, स्थिति नियंत्रण करने के प्रयास में सिटी एसपी

Patna News: पटना के अटल पथ पर सोमवार की शाम को हुए बवाल का मास्टरमाइंड वार्ड पार्षद निकला. पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके पूरे खेल का पर्दाफाश किया है. साजिश रचकर यह उपद्रव करवाया गया था.

विज्ञापन

पटना के इंद्रपुरी में हुए भाई-बहन की मौत के कारणों का खुलासा नहीं होने के विरोध में अटल पथ पर सोमवार की देर शाम हंगामा करने, पुलिस पर पथराव और आगजनी करने वालों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हंगामा की साजिश रचने वाले वार्ड नंबर सात के पार्षद अमर कुमार उर्फ टूटू और पेशे से वकील श्वेत रंजन को गिरफ्तार किया.

वार्ड पार्षद था मास्टरमाइंड, वकील की मदद से करवाया उपद्रव

पुलिस ने बताया कि पहले से रची गयी साजिश के तहत इन दोनों ने घटना को अपने सहयोगियों से अंजाम दिलवाया. साथ ही अन्य 42 लोग भी इनके साथ थे. जिन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया हैं. इसके अलावा फिलहाल 20 लोग पुलिस की हिरासत में हैं, जिनकी भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है.

कौन है अधिवक्ता श्वेत रंजन?

अधिवक्ता श्वेत रंजन मूल रूप से घोसवरी के रहने वाले हैं और बोरिंग रोड हरिहर चैंबर में कार्यालय खोल रखा है. गिरफ्तार होने वाले लोगों में प्रदीप कुमार, राकेश कुमार, रवि कुमार, गुड़िया देवी, निभा, रेणु, नेहा आदि शामिल हैं. इन सातों को घटना के बाद ही सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया गया था.

राजनीतिक लाभ के लिए करवाया हंगामा

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने मंगलवार को पूरे मामले का खुलासा करते हुए कहा कि अटल पथ पर हंगामा व उपद्रव पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गयी है. पूरे घटना का मास्टरमाइंड वार्ड पार्षद अमर कुमार उर्फ टूटू व अधिवक्ता श्वेत रंजन हैं. वार्ड पार्षद ने राजनैतिक लाभ लेने के लिए एक सप्ताह पहले अधिवक्ता श्वेत रंजन से संपर्क किया और हंगामे की योजना बनायी.

वार्ड पार्षद ने दो लाख रुपए की डील करके करवाया उपद्रव

वार्ड पार्षद ने श्वेत रंजन को इस काम के लिए दो लाख रुपये भी दिए थे. इसके बाद श्वेत रंजन ने दो गाड़ियों से कंकड़बाग, पत्रकार नगर व अन्य इलाकों से उपद्रवियों को बुलाया और प्रति व्यक्ति 25 सौ रुपया भी दिया.

21 अगस्त को ही उपद्रव करने की थी तैयारी

एसएसपी ने बताया कि श्वेत रंजन अपने आप को अधिवक्ता बताते हैं और इनका काम धरना-प्रदर्शन व हंगामा कराना है. इस बात की जानकारी वार्ड पार्षद को थी. इसलिए श्वेत रंजन से संपर्क किया. 21 अगस्त को भी सड़क जाम कर उपद्रव करने की योजना थी. लेकिन ये लोग सफल नहीं हो पाये थे. इस मामले में भी पाटलिपुत्र थाने में केस दर्ज किया गया है.

पीड़ित परिवार का किया गया इस्तेमाल

एसएसपी ने कहा कि इस घटना में पीड़ित परिवार की कोई भूमिका नहीं है. उनकी मानसिक स्थिति का वार्ड पार्षद ने इस्तेमाल किया. दोनों बच्चों की मौत मामले का राजनैतिक लाभ लेने की कोशिश की गयी, ताकि अगले इलेक्शन में इसका फायदा मिल सके. पार्षद ने गलत अफवाह उड़ायी. वह इस फिराक में भी था कि पीड़ित परिवार को जो मुआवजा मिले, उसमें भी वह हिस्सा ले सके.

महिला दुकानदार ने महिलाओं को जुटाया

एसएसपी ने कहा कि इन लोगों ने पहले से हंगामा करने के लिए तमाम इंतजाम कर लिया था और सड़क जाम करने के बाद पीड़ित परिवार को वहां लाया गया. एक महिला दुकानदार ने महिलाओं को जुटाया था, उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है. एसएसपी ने कहा कि पीड़ित परिवार से पुलिस लगातार संपर्क में है और हर जांच की जानकारी उनसे शेयर की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी शेयर किया गया. पुलिस की जांच से पीड़ित परिवार संतुष्ट है.

200 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज

पाटलिपुत्र थाने में 200 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है. इस मामले में हंगामा करने, सड़क जाम करने, पुलिस पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने आदि का आरोप लगाया गया है.

सोमवार की देर शाम किया था लोगों ने हंगामा, उपद्रव

सोमवार की देर शाम असामाजिक तत्वों ने अटल पथ पर जमकर हंगामा व उपद्रव किया था. इस दौरान पुलिस पर हमला भी किया गया. पथराव की गयी और शीशे के बोतल भी फेंके गये. जिसमें सात पुलिसकर्मी जख्मी हो गये हैं. एक सब इंस्पेक्टर के सिर पर ईंट लगी है और वे बूरी तरह से जख्मी हो गये थे. फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन