पटना: ग्रीन विलेज मुहिम के तहत विद्यार्थियों के बीच 150 पौधों का वितरण, संरक्षण करने वालों को मिलेगा सम्मान

छात्रों को किया गया पौधों का वितरण
पटना जिले के बिक्रम में ग्रीन विलेज मुहिम के तहत 150 से अधिक पौधे बांटे गए। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
Patna environment protection: पटना जिले के बिक्रम प्रखंड अंतर्गत पतुत स्थित सक्सेस विथ क्लासेज कोचिंग संस्थान में बुधवार को ग्रीन विलेज मुहिम के तहत पर्यावरण संरक्षण अभियान का आयोजन किया गया. इस दौरान विद्यार्थियों के बीच 150 से अधिक पौधों का वितरण किया गया और उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया.
प्रकृति की सेवा ही मानवता की सच्ची सेवा : सुमित कुमार
कार्यक्रम का नेतृत्व ग्रीन विलेज मुहिम के संयोजक सुमित कुमार ने किया. उन्होंने कहा कि "प्रकृति की सेवा ही मानवता की सच्ची सेवा है." यदि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देना है तो प्रत्येक व्यक्ति को कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करना होगा.
उन्होंने बताया कि ग्रीन विलेज मुहिम के तहत लगातार पौधारोपण और पौधा वितरण अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता, स्वच्छता, जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है.
पौधों का संरक्षण करने वालों को मिलेगा प्रशस्ति पत्र
सुमित कुमार ने घोषणा की कि जो लोग लगाए गए पौधों का संरक्षण करेंगे, उन्हें अभियान की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. इससे अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.
पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी जरूरत
कोचिंग संस्थान के संचालक राहुल कुमार ने ग्रीन विलेज मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. उन्होंने विद्यार्थियों और आम लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की.
विद्यार्थियों ने लिया हरित भारत निर्माण का संकल्प
इस अवसर पर बांकुश कुमार, शिक्षक दीपक कुमार, अनिकेत कुमार, शिक्षिका अंजलि कुमारी एवं प्रिया कुमारी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया. साथ ही विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे एक पौधा अवश्य लगाएं, उसकी नियमित देखभाल करें और अपने परिवार व समाज को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करें. कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हरित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










