कैंपस : राज्य में एमबीबीएस की 1490 व बीडीएस की 140 सीटों पर होगा एडमिशन

Updated at : 30 Jul 2024 6:23 PM (IST)
विज्ञापन
कैंपस : राज्य में एमबीबीएस की 1490 व बीडीएस की 140 सीटों पर होगा एडमिशन

इस बार राज्य में 200 एमबीबीएस सीटें बढ़ेंगी. इस सत्र में दो मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन होगा.

विज्ञापन

– इनमें से 15 प्रतिशत सीटों पर केंद्रीय कोटे के तहत होगा एडमिशन

संवाददाता, पटना

मेडिकल काउंसेलिंग कमेटी (एमसीसी) ने नीट यूजी 2024 के रैंक द्वारा 15 प्रतिशत अखिल भारतीय कोटा, एम्स संस्थान, जिपमर संस्थान, केंद्रीय विश्वविद्यालय, डीम्ड यूनिवर्सिटी, इएसआइसी मेडिकल कॉलेज, एएफएमसी पुणे और सेंट्रल नर्सिंग इंस्टीट्यूट में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसेलिंग शेड्यूल जारी कर दिया है. 15 प्रतिशत कोटे के तहत एडमिशन के लिए प्रथम काउंसेलिंग का सीट वेरिफिकेशन प्रोसेस 14 से 16 अगस्त के मध्य और रजिस्ट्रेशन प्रोसेस 14 अगस्त से 21 अगस्त तक चलेगा. 16 अगस्त से 20 अगस्त के मध्य विद्यार्थियों को अपनी मेडिकल और डेंटल और नर्सिंग कॉलेजों की च्वाइस को अपनी इच्छा अनुसार भरना होगा. इसके लिए विद्यार्थियों को निर्धारित फीस का भुगतान भी करना होगा. 20 अगस्त को च्वाइस लॉकिंग, 21 से 22 अगस्त को सीट अलॉटमेंट प्रोसेस और चयनित विद्यार्थियों को 23 अगस्त को सीट अलॉटमेंट लेटर जारी कर दिया जायेगा. विद्यार्थियों को 24 अगस्त से 29 अगस्त तक एडमिशन लेना होगा. वहीं, राज्य सरकार भी 85 प्रतिशत सीटों पर एडमिशन के लिए जल्द ही रजिस्ट्रेशन तिथि जारी करेगी. इस बार राज्य में 200 एमबीबीएस सीटें बढ़ेंगी. इस सत्र में दो मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन होगा. इस बार सारण और समस्तीपुर में एडमिशन होंगे. अभी सीटों की संख्या बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (बीसीइसीइबी) को प्राप्त नहीं हुई है. अभी प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 100-100 सीटों पर एडमिशन होगा. पिछले वर्ष के अनुसार राज्य में कुल 1490 एमबीबीएस व 140 बीडीएस की सीटें हैं. सरकारी एमबीबीएस व बीडीएस मिला कर कुल 1630 सीटें हैं. इनमें 15 प्रतिशत सीटों पर ऑल इंडिया कोटे के तहत एडमिशन होता है. वहीं, 85 प्रतिशत सीटों पर स्टेट कोटे के तहत एडमिशन होता है. एमबीबीएस की 200 सीटें बढ़ने पर राज्य के मेडिकल कॉलेजों में कुल 1690 सीटें हो जायेंगी.

85 प्रतिशत के तहत एमबीबीएस की 1206 सीटों पर होगा एडमिशन

राज्य की 85 प्रतिशत में एमबीबीएस और बीडीएस मिला कर इस बार 12 सरकारी मेडिकल व दो डेंटल कॉलेजों में 1321 सीटों पर एडमिशन होगा. एमबीबीएस के 1206 व डेंटल के लिए 115 सीटें हैं. वहीं, प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में 1050 सीटों पर एडमिशन होना है. स्टूडेंट्स bceceboard.bihar.gov.in पर जाकर च्वाइस फिलिंग करेंगे. च्वाइस फिलिंग की तिथि बीसीइसीइबी जल्द जारी करेगा. इस बार सरकारी मेडिकल काॅलेजों में एमबीबीएस व बीडीएस की 1321 सीटें चिह्नित हैं, जिनमें 396 महिलाओं के लिए सुरक्षित होंगी.

कॉलेजों में सीटों की स्थिति

अभी पीएमसी पटना में 200, डीएमसी लहेरियासराय में 120, भागलपुर में 120, एनएमसी पटना में 150, मुजफ्फरपुर में 120, गया में 120, आइजीआइएमएस पटना में 120, जीएमसी बेतिया में 120, विम्स पावापुरी में 120, मधेपुरा में 100, इएसआइसी मेडिकल कॉलेज बिहटा में 100, जीएमसी पूर्णिया में 100, पटना डेंटल कॉलेज में 40 व रहुई डेंटल कॉलेज नालंदा में 100 सीटें हैं.

1,08,915 से अधिक एमबीबीएस सीटों पर होगा एडमिशन

इस बार करीब 1.13 लाख से अधिक एमबीबीएस सीटों पर एडमिशन होगा. वर्तमान में देश में 706 मेडिकल कॉलेज हैं. इनमें 1,08,915 एमबीबीएस सीटें हैं. पिछले साल 10,000 से ज्यादा मेडिकल सीटें बढ़ी थीं. इस बार भी करीब पांच हजार से अधिक सीटें बढ़ेंगी. कुल मेडिकल कॉलेज की संख्या 750 के आसपास हो जायेगी. इसमें सरकारी और निजी दोनों तरह के मेडिकल कॉलेज हैं. सभी कॉलेजों को जुलाई 2024 से पहले ही लेटर ऑफ परमिशन (एलोपी) मिल जायेगा. सरकारी सीटों पर अधिक दावेदार होंगे. नये सत्र में 54 हजार के आसपास निजी और डीम्ड यूनिवर्सिटी में सीटें होंगे और 59 हजार से आसपास सरकारी एमबीबीएस एडमिशन के लिए होंगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन