बिहार : भाजपा नेता की हत्या का चौतरफा विरोध, मृत भाई को राखी बांध दी अंतिम विदाई

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 19 Aug 2016 7:15 AM

विज्ञापन

दानापुर : भाई-बहन के प्यार का त्योहार रक्षाबंधन गुरुवार को नगर में धूमधाम से मनाया जा रहा था़ वहीं, गोलापर रक्षाबंधन के दिन रेणु शरण व विजय लक्ष्मी ने अपने मृत भाई अशोक जायसवाल की कलाई में राखी बांध कर फफक कर रोते-बिलखते अंतिम विदाई दी. रोते हुए दोनों बहनें कह रही थीं कि अब […]

विज्ञापन

दानापुर : भाई-बहन के प्यार का त्योहार रक्षाबंधन गुरुवार को नगर में धूमधाम से मनाया जा रहा था़ वहीं, गोलापर रक्षाबंधन के दिन रेणु शरण व विजय लक्ष्मी ने अपने मृत भाई अशोक जायसवाल की कलाई में राखी बांध कर फफक कर रोते-बिलखते अंतिम विदाई दी. रोते हुए दोनों बहनें कह रही थीं कि अब केकरा कलाई पर राखी बांधम. रेणु रोते हुए कह रही थी कि हमर भाई कौन गलती करले हलई कि ऋषिदेव व दिनेश सिंह ने हमर भाई के हत्या कर देलक.

पूरा माहौल गमगीन था़ भाजपा नेता अशोक जायसवाल के घर पर मातम पसरा हुआ था और परिजन चीत्कार कर रहे थे़ बुधवार की देर रात अनुमंडलीय अस्पताल में भाजपा नेता अशोक जायसवाल के शव को पोस्टमार्टम किया गया़ अस्पताल के उपाधीक्षक डाॅ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि भाजपा नेता अशोक को अपराधियों ने पिस्तौल से नजदीक से चार गोलियां सीने व पेट में मारी थी़ं दो गोलियां शरीर के आर-पार हो गयी थीं. एक गोली सगुना मोड़ स्थित निजी अस्पताल में निकाली गयी थी़ दूसरे गोली पोस्टमार्टम करने के दौरान निकाली गयी. गोली निकालने के लिए रात में एक्स-रे किया गया था. तब जाकर गोली छाती के फंसी होने की बात पता चली.

बहू ने चार लोगों पर कराया मामला दर्ज
दानापुर. भाजपा नेता अशोक जायसवाल की बहू ऋचा जायसवाल ने अपनी देवरानी सौम्या जायसवाल के पिता ऋषिदेव सिंह, चाचा दिनेश सिंह व भाई भोला व छोटू सिंह पर अपने ससुर अशोक की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है़ इस मामले में पुलिस ऋषिदेव सिंह व भोला सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है़

दर्ज प्राथमिकी में बहू ऋचा ने बताया है कि बुधवार की शाम करीब पौने छह बजे अपने घर की बाॅलकानी में खड़ी थी़ मेरे ससुर घर के सामने ज्ञानी राय के घर में संजय कुमार की चावल दुकान पर बैठे हुए थे़ इसी दौरान मेरी देवरानी सौम्या जायसवाल के पिता ऋषिदेव सिंह, उसके चाचा दिनेश सिंह, भाई भोला व छोटू हाथ में पिस्तौल लेकर आये और मेरे ससुर अशोक जायसवाल को गोलियों से छलनी कर दिया. गोलीबारी करते हुए सभी आराम से भाग गये़ गोली लगते ही मेरे ससुर वहीं पर खून से लथपथ होकर गिर गये़

ऋचा ने बताया है कि मेरे देवर आकाश उर्फ गोलू ने मुहल्ले के ऋषिदेव सिंह की पुत्री सौम्या से प्रेम विवाह कि या था़ इस पर सौम्या ने कोर्ट में 164 के बयान में कहा था कि वह अपने पति के साथ रहेगी. इस पर कोर्ट ने सौम्या को उसके पति के साथ रहने की अनुमति दे दी थी़

विरोध में बंद रहीं दानापुर की दुकानें
भाजपा नेता अशोक जायसवाल की हत्या के विरोध में गुरुवार को भाजपा द्वारा आहूत दानापुर बंद शांति पूर्ण रहा़ दानापुर चैंबर ऑफ कॉमर्स व व्यापार मंडल समेत अन्य दुकानदारों ने शांति पूर्वक अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं. वहीं, शवयात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों को शांति पूर्वक बंद करने की अपील की. एसडीओ संजीव कुमार ने बताया कि बंद को देखते हुए दंडाधिकारी के रूप में बीडीओ सुशील कुमार व सीओ राम प्रवेश राम समेत कार्यपालक दंडाधिकारी को तैनात किया गया था़ व्यवसायियों ने सरकार से सुरक्षा देने की मांग की है.

शवयात्रा में शामिल हुए भाजपा के दिग्गज
दानापुर: भाजपा नेता अशोक जायसवाल का शव गुरुवार को सुबह अनुमंडलीय अस्पताल से एंबुलेंस से उनके घर गोलापर लाया गया़ शव के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला और थानाध्यक्ष को निलंबित करने व पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. शव के घर पर पहुंचे ही पूरा माहौल गमगीन हो गया़ मृतक की पत्नी किरण जायसवाल व बहू ऋचा जायसवाल, पुत्र गुंजन व आकाश उर्फ गोलू, मां सरस्वती देवी व बहन रेणु शरण व विजय लक्ष्मी समेत परिजन शव को देखते ही चीत्कार कर उठे़ मृतक के बहू ऋचा रोते हुए कह रही थी पापा की ऋषिदेव व दि नेश सिंह ने हत्या कर दी.

इसके बाद भाजपा नेता के शव को डीएवी इंटर स्कूल के पास लाया गया़ जहां पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामकृपाल यादव, विधायक आशा सिन्हा, विधायक संजीव चौरसिया, पूर्व विधान पार्षद गंगा प्रसाद, विधायक नितिन नवीन, विधायक अरुण कुमार सिन्हा व राजद नेता राज किशोर यादव ने पुष्पांजलि दी़ इसके बाद शवयात्रा निकली, जो गोलापर, थानापर, बस पड़ाव, सदर बाजार, इमलीतल, तकियापर व नासरीगंज होते हुए रामजीचक घाट पहुंची, जहां अंतिम संस्कार किया गया़

शवयात्रा में शामिल भाजपा कार्यकर्ता व नेता थानाध्यक्ष को निलंबि त करने की मांग कर रहे थे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे़ मृतक अशोक के ज्येष्ठ पुत्र गुंजन ने मुखाग्नि दी़

15 साल पुराना बिहार फिर लौट रहा है : मोदी
दानापुर. पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राज्य में पूर्ण शराबबंदी के बाद भी राज्य में हत्या, अपहरण व दुष्कर्म समेत अन्य घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है़ मोदी ने कहा कि भाजपा नेता अशोक जायसवाल की हत्या की क्षति भरपाई नहीं की जा सकेगी. उन्होंने कहा कि पार्टी को दानापुर में भारी क्षति हुई और यह उनकी व्यक्तिगत क्षति है़ उन्होंने कहा कि लालू सरकार का 15 साल पुराना बि हार पुन: लौट रहा है़ उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधि यों का मनोबल काफी बढ़ गया है़ उन्होंने राज्य सरकार से भाजपा नेता अशोक के हत्यारों की अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है़

उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे जिन लोगों का नाम आ रहा है़ उनकी लड़की से मृतक अशोक के पुत्र आकाश उर्फ गोलू ने अंतरजातीय प्रेम विवाह किया है़ यह कोई गुनाह नहीं है़ राज्य सरकार अंतरजातीय विवाह करने पर पचास हजार रुपये देती है़ मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार की नीति लोगों को समझ नहीं आ रही है़ श्री मोदी ने मृतक अशोक के पुत्र गुंजन व आकाश को सांत्वना दी़ मोदी भाजपा नेता अशोक की शवयात्रा में शामिल हुए़

राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त: मंगल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक जायसवाल की हत्या पर रोष व्यक्त करते हुए कहा है कि राज्य में कानून- व्यवस्था ध्वस्त हो गयी है. महागंठबंधन की सरकार बनने के बाद लगातार एनडीए नेताओं की हत्या हुई है. सरकार के मुखिया खामोश हैं. हत्या में शामिल एक भी अपराधियों को प्रशासन पकड़ने में विफल रहा है. अपराधियों का हौसला बुलंद है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन