पटना में गले से लॉकेट छीनकर भाग रहे बदमाश को महिला ने दौड़ाकर जमीन पर पटका; फिर जनता ने जो किया…

थाना की तस्वीर
Patna Snatching Case: पटना के फुलवारी शरीफ में नर्सिंग की छात्रा संयुक्ता कुमारी ने अदम्य साहस दिखाते हुए अपने गले से सोने का लॉकेट छीनकर भाग रहे झपटमार को खदेड़कर पकड़ लिया. पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार. पूरी रिपोर्ट पढ़ें.
Patna Snatching Case(अजीत कुमार): बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र से महिला सशक्तिकरण और अदम्य साहस की एक ऐसी लाइव तस्वीर सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है. फुलवारी शरीफ के सबजपुरा-खगौल लख के समीप शुक्रवार को एक महिला ने ऐसी जांबाजी दिखाई कि सोने का लॉकेट छीनकर भाग रहे शातिर बदमाश के होश उड़ गए. महिला ने न सिर्फ अकेले दम पर बदमाश को दौड़ाकर दबोचा, बल्कि उसे जमीन पर पटक दिया. इसके बाद मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपी की जमकर क्लास लगाई और उसे डायल-112 पुलिस के हवाले कर दिया.
नर्सिंग की छात्रा है पीड़िता, बाजार से लौटने के दौरान हुआ कांड
इस सनसनीखेज वारदात का शिकार हुई जांबाज महिला की पहचान बेगूसराय की मूल निवासी संयुक्ता कुमारी (30 वर्ष, पति- राकेश यादव) के रूप में हुई है. संयुक्ता फिलहाल नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं और फुलवारी शरीफ के सबजपुरा में अपनी एक सहेली के घर आई हुई थीं. वह अपने नर्सिंग कोर्स के दस्तावेजों में जन्मतिथि में सुधार कराने के लिए राजा बाजार स्थित बीएनआर (BNR) संस्थान गई थीं. वहां से लौटने के बाद वह अपनी सहेली के साथ पेठिया बाजार गईं. बाजार से पैदल वापस लौटने के दौरान अचानक घात लगाए एक झपटमार युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारा और लगभग 25 हजार रुपये मूल्य का सोने का लॉकेट तोड़कर तेजी से भागने लगा.
महिला ने दिखाया रौद्र रूप, दौड़कर बदमाश को बीच सड़क पर पटका
आम तौर पर ऐसी अप्रत्याशित घटनाओं में लोग घबरा जाते हैं, लेकिन संयुक्ता कुमारी ने गजब का हौसला दिखाया. उन्होंने बिना एक पल गंवाए शोर मचाते हुए अकेले ही भागते हुए बदमाश के पीछे अपनी पूरी ताकत से दौड़ लगा दी.
कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए लुटेरे को पीछे से दबोच लिया और उसे सड़क पर ही दे मारा. महिला को बदमाश से अकेले भिड़ते और शोर मचाते देख आस-पास के स्थानीय दुकानदार और राहगीर भी तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए.
डायल-112 ने किया गिरफ्तार, बरामद हुआ सोने का लॉकेट
बीच सड़क पर रंगे हाथों पकड़े गए झपटमार की उग्र भीड़ ने मौके पर ही जमकर धुनाई कर दी. इसी बीच किसी ने बिहार पुलिस की इमरजेंसी सेवा डायल-112 को फोन कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया. पुलिस ने महिला का छीना गया लॉकेट भी सुरक्षित बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया है.
फुलवारी शरीफ थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता संयुक्ता कुमारी की लिखित शिकायत के आधार पर थाने में नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है. स्थानीय लोग महिला की इस अद्भुत बहादुरी की दिल खोलकर तारीफ कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपी को जेल भेजने की तैयारी कर रही है और इलाके में सक्रिय स्नैचर्स के गैंग का पता लगाने के लिए उसका आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है.
Also Read: नवादा में स्कूल संचालक पर जानलेवा हमले का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, सिर पर किए थे 7 वार, 3 अब भी फरार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










