बिहार स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट: 2000 अज्ञात छात्र आरोपी, 93 गिरफ्तार, पुलिस ने 270 तस्वीरें जारी कीं, पहचान बताने पर 10 हजार का इनाम

Updated:
विज्ञापन
22 जुलाई को हुए प्रदर्शन की तस्वीर

22 जुलाई को हुए प्रदर्शन की तस्वीर

Bihar Student Protest: बिहार में जारी छात्र आंदोलन के बीच पुलिस ने एक्शन लिया है. अब तक 27 एफआईआर दर्ज की गई हैं, 93 छात्रों को गिरफ्तार किया गया है और 270 छात्रों की तस्वीरें जारी कर उनकी पहचान कराने की अपील की गई है. प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य में सियासी माहौल भी गरमा गया है.

विज्ञापन

Bihar Student Protest: NEET पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है. दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ यह विरोध अब बिहार के कई जिलों तक पहुंच चुका है. पिछले तीन दिनों से अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन हो रहे हैं. आज छात्र संगठनों ने बिहार बंद का आह्वान भी किया है. इसी बीच आंदोलन के बाद बिहार पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एक्शन शुरू कर दिया है.

27 FIR दर्ज, 2000 अज्ञात छात्रों को बनाया आरोपी

बिहार पुलिस ने प्रदर्शन और हिंसा के मामलों में अब तक 27 एफआईआर दर्ज की हैं. इन मामलों में करीब 2000 अज्ञात छात्रों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने 270 छात्रों की तस्वीरें भी जारी की हैं. इनकी पहचान कराने के लिए लोगों से सहयोग मांगा गया है. अब तक 93 छात्रों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है.

पहचान बताने वाले को इनाम देने की घोषणा

पुलिस की ओर से जारी कई तस्वीरों में कुछ छात्र केवल सड़क पर खड़े दिखाई दे रहे हैं. कुछ आपस में बातचीत करते नजर आ रहे हैं. मुजफ्फरपुर पुलिस ने तो तस्वीरें जारी कर उनकी पहचान बताने वाले को 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा भी की है.

पटना में 21 केस, 57 छात्र गिरफ्तार

बुधवार को पटना में हुए प्रदर्शन के दौरान हिंसा, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में चार थानों में करीब 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया. शहर के अलग-अलग थानों में कुल 21 प्राथमिकी दर्ज हुई हैं. इन मामलों में अब तक 57 छात्रों को गिरफ्तार किया गया है.

इन पर सरकारी काम में बाधा डालने, हिंसा, उपद्रव, जानलेवा हमला और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप लगाए गए हैं.

पटना पुलिस ने 60 छात्रों की तस्वीरें जारी कीं

पटना पुलिस ने 60 छात्रों की तस्वीरें भी सार्वजनिक की हैं. इनकी पहचान के लिए बिहार पुलिस की साइबर क्राइम एंड सिक्योरिटी यूनिट (CCSU), डायल-100 और अन्य वीडियो फुटेज की मदद ली जा रही है. पुलिस ने लोगों से इनकी पहचान कराने में सहयोग की अपील भी की है.

SSP बोले- CCTV और सोशल मीडिया से हो रही पहचान

पटना के SSP कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य वीडियो फुटेज की मदद से उपद्रव करने वालों की पहचान की जा रही है.

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने ईंट-पत्थर चलाए या हिंसा भड़काई, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखी जा रही है. भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

कई जिलों में प्रदर्शन, जहानाबाद में हवाई फायरिंग

गुरुवार को भी पटना, दरभंगा, बेगूसराय, जहानाबाद और कटिहार समेत कई जिलों में छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा.

पटना कॉलेज के पास छात्रों ने अशोक राजपथ जाम कर दिया. उनका कहना था कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए. बाद में पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

जहानाबाद में 30 राउंड हवाई फायरिंग

जहानाबाद में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच टकराव हो गया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया. इसके बाद कुछ छात्र रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए और वहां भी पत्थरबाजी शुरू कर दी. हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने करीब 30 राउंड हवाई फायरिंग की.

बेगूसराय और कटिहार में भी तनाव

बेगूसराय में प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया. कई छात्र मुख्य गेट पर चढ़ गए. पुलिस लगातार उन्हें पीछे हटने की अपील करती रही. वहीं, कटिहार में डीएम कार्यालय के बाहर तैनात एक मजिस्ट्रेट पत्थरबाजी में घायल हो गए. उनकी आंख में गंभीर चोट आई.

पुलिस अलर्ट, आंदोलन पर नजर

बिहार बंद और लगातार हो रहे प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस पूरे राज्य में अलर्ट मोड पर है. संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. प्रशासन का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन हिंसा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Also Read: बिहार बंद आज: 70 हजार जवान तैनात, पटना समेत कई जिलों में स्कूल बंद, एयरपोर्ट और स्टेशनों पर हाई अलर्ट



विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन