मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड : ब्रजेश ठाकुर ने जतायी हत्या की आशंका, कहा- माओवादियों के साथ रखा गया है जेल में

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 18 Aug 2018 12:16 PM

विज्ञापन

पटना : मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन शोषण मामले में शनिवार को स्थानीय पोक्सो अदालत में मुख्य आरोपित ब्रजेश ठाकुर की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिये की गयी.ब्रजेश ठाकुर के साथ सभी दस आरोपितों की पेशी एक-एक करके वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिये की गयी. इस दौरान ब्रजेश ठाकुर ने अदालत से अपनी जान का खतरा होने […]

विज्ञापन

पटना : मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन शोषण मामले में शनिवार को स्थानीय पोक्सो अदालत में मुख्य आरोपित ब्रजेश ठाकुर की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिये की गयी.ब्रजेश ठाकुर के साथ सभी दस आरोपितों की पेशी एक-एक करके वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिये की गयी. इस दौरान ब्रजेश ठाकुर ने अदालत से अपनी जान का खतरा होने की आशंका जतायी है. साथ ही कहा है कि उसे माओवादियों के साथ जेल में रखा गया है. इस पर स्पेशल जज की अदालत ने दखल देने से इनकार करते हुए कहा कि सुरक्षा का मामला जेल प्रशासन का है.

इससे पहले, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पुलिस ने अदालत से आग्रह किया था कि ब्रजेश ठाकुर की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिये की जाये. अदालत ने पुलिस के आग्रह को स्वीकार कर लिया है. हालांकि, ब्रजेश ठाकुर समेत अन्य सभी आरोपितों की पेशी से पूर्व ही सुरक्षा के खास इंतजाम किये गये थे. अदालत परिसर में भारी संख्या में पुलिस बलों के साथ क्विक रेस्पॉन्स टीम को भी कोर्ट परिसर में तैनात किया गया था.

मालूम हो कि पिछले दिनों अदालत में पेशी के दौरान ब्रजेश ठाकुर पर स्याही फेंकने की घटना हुई थी. इसके बाद पुलिस ने सतर्कता बरतते खास इंतजाम किये हैं. अदालत द्वारा पुलिस का आग्रह स्वीकार कर लिये जाने से पुलिस ने राहत की सांस ली है. वहीं, संभावना जतायी जा रही है कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले की जांच कर रही सीबीआई ब्रजेश ठाकुर को रिमांड पर ले सकती है.

इससे पहले, मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन शोषण मामले में सीबीआई ने शुक्रवार को बिहार की पूर्व मंत्री मंजू वर्मा के पटना तथा बेगूसराय स्थित आवासों सहित चार जिलों में लगभग एक दर्जन संपत्तियों पर छापेमारी की. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, पटना, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय तथा मोतिहारी में छापे मारे गये. ये छापे सुबह करीब साढ़े सात बजे शुरू हुए और दोपहर करीब ढाई बजे तक चले. अधिकारियों ने कहा है कि पूर्व मंत्री के पटना आवास के अलावा सीबीआई ने मुजफ्फरपुर में कई स्थानों पर छापेमारी की. अधिकारियों ने मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के मित्रों और रिश्तेदारों के परिसरों की भी तलाशी ली.

सूत्रों के अनुसार, पटना के स्ट्रैंड रोड स्थित मंजू वर्मा के सरकारी बंगले में छापेमारी के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने उनसे तथा उनके पति चंदेश्वर वर्मा से पूछताछ की. समझा जाता है कि एजेंसी ने मंजू वर्मा के निजी सचिव अमरेश कुमार तथा उनकी पत्नी पूनम कुमारी को समन किया तथा पूछताछ की. बाद में उन्हें और पूछताछ के लिए किसी अज्ञात स्थान पर ले गयी. केंद्रीय जांच एजेंसी ने ब्रजेश ठाकुर के एनजीओ की गतिविधियों से करीब से जुड़ी रही मधु कुमारी के घर पर भी छापेमारी की. वह फरार है. एजेंसी ने मुजफ्फरपुर जिले के पंचडाहा गांव स्थित ठाकुर के पैतृक आवास पर भी छापा मारा.

मंजू वर्मा ने यह खुलासा होने के बाद कि उनके पति से ठाकुर ने इस साल जनवरी से लेकर जून तक 17 बार बात की थी, समाज कल्याण मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था. एजेंसी ने बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर स्थित उनकी ससुराल के घर पर भी छापेमारी की. मंजू वर्मा चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र से ही विधायक हैं. पटना में अन्य जिन स्थानों पर छापेमारी की गयी, उनमें बुद्ध मार्ग स्थित ठाकुर के हिंदी दैनिक ‘प्रात: कमल’ का कार्यालय और समाज कल्याण विभाग से जुड़े एक काउंसिलर का पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित घर भी शामिल है. लगभग दो महीने पहले यौन शोषण का मामला सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने सीबीआई जांच और उच्च न्यायालय से इसकी निगरानी कराये जाने की मांग की थी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन