ePaper

NDA का भोज, 8 साल बाद बिहार में दिखा ऐसा नजारा, कुशवाहा को छोड़ सभी दलों के नेता हुए इकट्ठा

Updated at : 07 Jun 2018 10:32 PM (IST)
विज्ञापन
NDA का भोज, 8 साल बाद बिहार में दिखा ऐसा नजारा, कुशवाहा को छोड़ सभी दलों के नेता हुए इकट्ठा

पटना : बिहार के पटना में एनडीए के भोज में गुरुवार को गठबंधन के घटक दलों की एकजुटता दिखी. आठ साल बाद ऐसा नजारा दिखा, जिसमें केवल रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को छोड़ अन्य सभी दलों के बड़े नेता इकट्ठा हुए. खास बात यह रही कि राजनीति की जगह भोज और आपसी तालमेल की बातचीत […]

विज्ञापन

पटना : बिहार के पटना में एनडीए के भोज में गुरुवार को गठबंधन के घटक दलों की एकजुटता दिखी. आठ साल बाद ऐसा नजारा दिखा, जिसमें केवल रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को छोड़ अन्य सभी दलों के बड़े नेता इकट्ठा हुए. खास बात यह रही कि राजनीति की जगह भोज और आपसी तालमेल की बातचीत होती रही. सभी दलों के नेता एनडीए की एकजुटता को कायम रहने की भविष्यवाणी करते नजर आये. साथ ही सभी ने एनडीए में किसी तरह के फूट से साफ-साफ इंकार किया.

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल एकजुट हैं और कहीं कोई मतभेद नहीं है. वहीं, रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की नाराजगी के बारे में पूछे जाने परकेंद्रीयमंत्री एवं भाजपा सांसद अश्विनी चौबे ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है. कोई नाराज नहीं है.

उधर, रालोसपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागमणि ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा का विमान छूट जाने की वजह से वे नहीं आ पाये. उन्होंने इस सहभोज में पार्टी के अन्य नेताओं को शामिल होने के लिए कहा है. बिहार में एनडीए के नेतृत्व के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि केवल डेढ़ फीसदी वोट बैंक वाला मुख्यमंत्री बनेगा और दस फीसदी वाला सड़क पर टहलेगा, ऐसा नहीं चलेगा. सीटों का बंटवारा घटक दलों के शीर्ष नेतृत्व तय करेगा.

वहीं, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि यहां एनडीए में चार दल शामिल हैं. इसलिए इस बार इस सहभोज में ज्यादा भीड़ भाड़ दिख रही है. सीटों के बंटवारा के बारे में उन्होंने कहा कि अनेक ऐसे अवसर आये हैं, जब सहयोगी दलों के साथ मिल बैठ कर सहमति बनी है. इस बार भी ऐसा ही होगा. नागमणि के बयान पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अलग-अलग पार्टियों की राय अलग-अलग होती है. लेकिन, इस वक्त नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं और बिहार में एनडीए का चेहरा हैं.

उधर, सहकारिता मंत्री राणा रणधीर सिंह ने कहा कि एनडीए में सब कुछ ठीक है. जबकि पत्रकारों से बातचीत करते हुए जदयू के महासचिव श्याम रजक ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अभी लंबा वक्त है. लेकिन, हमारी पार्टी सभी सीटों की तैयारी करेगी ताकि चुनाव के साथ सहयोगियों के साथ मिल कर भी हम मजबूती से चुनाव लड़ सकें. उन्होंने कहा कि जदयू भिखारी नहीं, मजबूत संगठन है. सीट शेयरिंग के सवाल पर उन्होंने कहा कि सूबे की 25 लोकसभा सीटों पर हमारा हक है. बिहार की जनता भी यही सोच रही है.

ये भी पढ़ें…NDA की डिनर पार्टी से पहले तेजस्वी ने राहुल गांधी से की मुलाकात, इन मुद्दाें पर हुई चर्चा

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन