ePaper

बिहार : राबड़ी, पूर्वे, खुर्शीद व संतोष के नाम पर राजद की मुहर, पढ़ें पूरी खबर

Updated at : 13 Apr 2018 7:52 AM (IST)
विज्ञापन
बिहार : राबड़ी, पूर्वे, खुर्शीद व संतोष के नाम पर राजद की मुहर, पढ़ें पूरी खबर

पटना : राजद ने गुरुवार को विधान परिषद की चार सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, प्रदेश अध्यक्ष डाॅ रामचंद्र पूर्वे, मोहसिन खुर्शीद और जीतनराम मांझी के बेटे संतोष मांझी विधान परिषद में राजद का प्रतिनिधित्व करेंगे. राबड़ी देवी का विधान परिषद में जाना पहले […]

विज्ञापन
पटना : राजद ने गुरुवार को विधान परिषद की चार सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, प्रदेश अध्यक्ष डाॅ रामचंद्र पूर्वे, मोहसिन खुर्शीद और जीतनराम मांझी के बेटे संतोष मांझी विधान परिषद में राजद का प्रतिनिधित्व करेंगे.
राबड़ी देवी का विधान परिषद में जाना पहले से ही तय माना जा रहा था. डाॅ रामचंद्र पूर्वे को लालू प्रसाद के प्रति वफादारी और पार्टी के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का तो इनाम मिला ही है. उनका वैश्य होना भी इस सूची में नाम पक्का करने के काम आया. संतोष मांझी उम्मीदवार तो हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा के हैं लेेकिन राजद ने इनको अपना समर्थन दे दिया है.
इस समर्थन के पीछे महादलित वोट को साधने की रणनीति है. मोहसिन खुर्शीद को उम्मीद बनाकर राजद ने मुस्लिम समाज को भी अपना बनाने का संदेश दिया है. राजद के मुख्य प्रवक्ता भाई बीरेन्द्र का कहना है कि पार्टी ने सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता को ध्यान में रखकर उम्मीदवार तय किये हैं.
लालू प्रसाद ही ऐसे नेता हैं, जो खुर्शीद जैसे लोगों को भी सदन में भेज सकते हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निरंजन कुशवाहा, पप्पू , मेवालाल कुशवाहा, सुरेश राय और अरविंद सहनी भी इस दौड़ में खुद को शामिल कराने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाये हुए थे.
प्रत्याशियों के बारे में प्रदेश कांग्रेस हाईकमान को करायेगी अवगत
विधान परिषद चुनाव : दो दिनों में जदयू नाम करेगा तय
पटना : विधान परिषद की रिक्त सीटों को लेकर जदयू ने अपने प्रत्याशियों के नामों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. गुरुवार को जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह प्रत्याशियों के चयन कमेटी के अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने इस संबंध में कमेटी सदस्यों के साथ पहले चरण की वार्ता की.
कमेटी में विजेंद्र प्रसाद यादव, राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और आरसीपी सिंह को शामिल किया गया है. विजेंद्र प्रसाद यादव के पटना में नहीं होने के कारण नामों पर अंतिम मुहर नहीं लगी. सिंह ने बताया कि नामांकन की अंतिम तिथि 16 अप्रैल तक निर्धारित है.
उम्मीद है कि दो दिनों में प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जायेगी. मालूम हो कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधान परिषद के सदस्य हैं. उनके नाम का चयन विधान परिषद सदस्य के रूप में किया जाना है. विधान परिषद में जदयू के छह सदस्यों का कार्यकाल छह मई को समाप्त हो रहा है. विधानसभा में सदस्यों की संख्या के अनुसार जदयू को इस बार चार सदस्यों के निर्वाचन की पूरी संभावना है.
विधान परिषद के एक सदस्य के निर्वाचन के लिए 21 विधायकों का मत चाहिए. विधानसभा में जदयू के कुल 71 विधायक हैं. इसके अलावा लोजपा के दो और रालोसपा के दो विधायकों का समर्थन जदयू को मिलेगा. साथ ही भाजपा के सरप्लस विधायकों के मतों का लाभ भी जदयू प्रत्याशी को मिलेगा. इस प्रकार से जदयू के खाते में चार सीटें आसानी से आ जायेंगी.
उम्मीदवार के चयन के लिए नित्यानंद व मोदी अधिकृत
पटना : भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय की अध्यक्षता में पार्टी की चुनाव समिति की बैठक हुई. इसमें विधान परिषद चुनाव को लेकर चर्चा हुई. चुनाव समिति ने सर्वसम्मति से विधान परिषद में उम्मीदवारों के चयन के लिए प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को अधिकृत कर दिया गया.
बैठक में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद व गिरिराज सिंह, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, सांसद डॉ सीपी ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेणु देवी, संगठन महामंत्री नागेंद्र जी सहित चुनाव समिति के 19 लोग बैठक में शामिल हुए. चुनाव समिति द्वारा उम्मीदवार के नाम को पार्टी की राष्ट्रीय चुनाव समिति को भेजा जायेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन