एमयू छात्र संघ चुनाव : एएन कॉलेज में जमकर हंगामा, तोड़फोड़, महज 25.5 फीसदी ही हुआ मतदान

Published at :18 Mar 2018 9:01 AM (IST)
विज्ञापन
एमयू छात्र संघ चुनाव : एएन कॉलेज में जमकर हंगामा, तोड़फोड़, महज 25.5 फीसदी ही हुआ मतदान

पटना : मगध यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव के लिये शनिवार को मतदान हुआ. दोपहर बाद कई कॉलेजों में मतगणना शुरू भी हो गयी, पर एएन कॉलेज में माहौल आधी रात तक गरमाया रहा. शाम को जमकर हंगामा हुआ. छात्र गुटों ने खूब अराजकता मचाई. कैंपस में जमकर तोड़फोड़ की. पुलिस के […]

विज्ञापन

पटना : मगध यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव के लिये शनिवार को मतदान हुआ. दोपहर बाद कई कॉलेजों में मतगणना शुरू भी हो गयी, पर एएन कॉलेज में माहौल आधी रात तक गरमाया रहा. शाम को जमकर हंगामा हुआ. छात्र गुटों ने खूब अराजकता मचाई. कैंपस में जमकर तोड़फोड़ की. पुलिस के सामने इस तरह की गुंडई ने सवाल खड़े कर दिये हैं. बाद में आला अधिकारी जरूरतपर पहुंचे और रस्म अदायगी की.

उधर, बाढ़ के एएनएस कॉलेज में छात्र संघ चुनाव में दो गुटों के बीच झड़प हुई. इसमें 40 राउंड फायरिंग हुई है. जमकर पथराव भी हुआ. पुलिस ने दर्जनभर से अधिक उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है. इस तरह राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था संभाली जा रही है. हंगामा तब बढ़ा जब बूथ नंबर पांच से रिजर्व मतपेटी में पांच बैलेट पड़े हुए थे. यह बैलेट देख कर पोलिंग एजेंट ने वोगस वोटिंग का आरोप लगाया.

छात्रों ने मतपेटी को रोका
एएन कॉलेज में दोपहर बाद मतगणना स्थल पर मतपेटी ले जाने से छात्रों ने रोक दिया. इस दौरान छात्र जदयू और एबीवीपी के साथ जाप समर्थक भिड़ गये. जमकर मारपीट हुई. पुलिस कि नारे हट गयी थी. छात्र गुटों ने एक-दूसरे परे गंभीर आरोप मढ़े. कुछ छात्र घायल भी हुए. इतने में हंगामा तब बढ़ा, जब बूथ नंबर पांच से रिजर्व मतपेटी में पांच बैलेट पड़े हुए थे. यह बैलेट देख कर वहां पर मौजूद पोलिंग एजेंट ने वोगस वोटिंग करने का आरोप लगा कर हंगामा किया. एएन कॉलेज में 26.5 प्रतिशत वोटिंग हुई. बता दें कि चुनाव से पहले जिला प्रशासन से लेकर पुलिस प्रशासन तक बैठकें करते हैं. इसमें कॉलेज प्रबंधन भी होता है. परंतु शनिवार को भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये. 17 फरवरी को पटना यूनिवर्सिटी के छात्र संघ चुनाव के मतगणना के दौरान भी जमकर फायरिंग हुई थी. कम से कम इससे सबक तो पटना पुलिस को ले लेना चाहिए था. राजधानी पुलिस का यह रवैया परेशान करने वाला है.

एबीवीपी के साथ जाप समर्थक भिड़े
एएन कॉलेज में मतदान शांतिपूर्ण हुए, लेकिन मत पेटी बंद होने के दौरान कैंपस में हंगामा खड़ा हो गया. मतपेटी को मतगणना स्थल पर ले जाने से रोका गया. इस दौरान छात्र जदयू और एबीवीपी के साथ जाप समर्थक आपस में भीड़ गये और जम कर मारपीट की. मारपीट की घटना देखते ही पुलिस प्रशासन भी साइड हट गया. इस दौरान दीपक और सन्नी ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान गले से सोने की चेन छीन ली गयी है. छात्रों ने मारपीट के निशान भी दिखाये.

गाड़ियों की कतार बोरिंग रोड पर लगी रही
एएन कॉलेज में चुनावी फीवर काफी हाई था. दो प्रमुख दलों में तनातनी का माहौल शुक्रवार शाम से ही चल रहा था. यही तनातनी का नजारा शनिवार सुबह सात बजे से देखने को मिला. वैसे सुबह से ही कॉलेज का दोनों मुख्य द्वार बंद था, लेकिन आठ बजे से पहले ही मुख्य द्वार को खोल दिया गया. इस दौरान बोरिंग रोड जाम भी रहा. जाम को हटाने के लिए पांच-छह पुलिस बल सड़क पर मौजूद थे. लेकिन, सुबह से ही गाड़ियों की लंबी कतार बोरिंग रोड पर लगी रही. यह सिलसिला पूरे रात तक रहा. वहीं कॉलेज के अंदर कॉलेज के प्राचार्य अपने टीम के साथ कैंपस का भ्रमण कर रहे थे. सभी वोटर का आइकार्ड चेक हो रहा था. वहीं एसके पुरी थाना प्रभारी भी खुद मौजूद रह कर कैंपस को खाली कराते रहे. काफी देर तक माइक से पुलिस प्रशासन कहता रहा कि वोट देने वाले स्टूडेंट्स कैंपस खाली कर दें. इसके साथ ही पुलिस भी स्टूडेंट्स को वोट देने का चिह्न देख कर उन्हें कैंपस से बाहर कर रहे थे. वोटिंग के दौरान विभिन्न छात्र संगठनों के बीच झड़प भी हुई.

2599 लोगों ने डाला वोट
वहीं एएन कॉलेज में 63 प्रत्याशी मैदान में थे. यहां अध्यक्ष पद के लिए सात, उपाध्यक्ष के लिए चार, जेनरल सेक्रेटरी के लिए पांच, कोषाध्यक्ष के लिए तीन, ज्वाइंट सेक्रेटरी के लिए पांच उम्मीदवार थे. कॉलेज में करीब 10 हजार वोटर पर 10 कॉलेज काउंसेलर की सीटें है. जिसमें 39 उम्मीदवार मैदान में थे. यहां 9808 वोटर में 2599 वोट पोल हुए. कॉलेज में 26.5 प्रतिशत वोट पड़े.

बोगस वोटिंग का आरोप
जाप ने कॉलेज में वोगस वोटिंग का आरोप लगाया. इसको लेकर जाप और एबीवीपी ने काफी हंगामा किया. काफी देर तक हंगामा चलता रहा. पुलिस प्रशासन के प्रयास से देर रात आठ बजे बजे हुए मतपेटी को मतगणना स्थल पर ले जाया गया. इसके बाद जैसे ही गिनती शुरू होने की बात हुई छात्रों ने मतगणना स्थल पर लगे मुख्य द्वार को तोड़ दिया. देर रात तक हंगामा होता रहा.

महज 26.5% ही हुआ मतदान
– चुनाव रद्द करवाने के लिए आत्मदाह की कोशिश, कुछ ने छींटा पेट्रोल तो कुछ चढ़े छत पर
– मूकदर्शक बनी रही पुलिस, बेखौफ छात्र गुटों ने छात्र संघ चुनाव में मचाया तांडव

टीपीएस कॉलेज 23% वोटिंग
टीपीएस कॉलेज में शनिवार सुबह गहमा-गहमी माहौल के बीच वोटिंग शुरू हुई. कॉलेज गेट पर सुबह छह बजे ही विभिन्न छात्र संगठन अपना अड्डा जमा चुके थे. जब सुबह नौ बजे कॉलेज के बाहर छात्र जदयू और एबीवीपी में हल्की झड़प हुई तब सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी. यहां 42 पुलिस बल मौजूद थे. स्थानीय छात्रों का दबदबा यहां खूब चल रहा था. टीपीएस कॉलेज में 2:30 बजे दोपहर मतदान समाप्त हो गया था. लेकिन, कतार में लगे स्टूडेंट्स को वोट देने दिया गया. तीन बजे तक वोट डाले गये. लेकिन, यहां 5142 वोटर में मात्र (23 प्रतिशत) 1187 वोट पोल हुए. वोटिंग के बाद मतपेटी को सील कर मतगणना स्थल पर ले जाया गया. इसके बाद शाम पांच बजे से मतगणना शुरू हो गयी.

अंधेरे में भी हुई वोटिंग
कॉलेज के बूथ नंबर दो पर कुछ देर के लिए बिजली चली गयी, लेकिन अंधेरे में भी वोट पड़ता रहा. वहीं वोकेशनल कोर्स के बूथ नंबर दो पर सबसे ज्यादा वोटर थे. कॉलेज कैंपस में आने वाले सभी वोटरों का प्रोफेसर आइकार्ड भी चेक कर रहे थे. बूथ नंबर एक पर काफी कम वोटिंग हुई. वोटिंग का प्रतिशत काफी धीमा रहा. यहां 10 बजे तक 10 प्रतिशत ही वोट पड़े थे. हालांकि, धीरे धीरे ग्राफ बढ़ा. यहां वोटरों को आकर्षित करने के लिए हर सुविधा मौजूद थी.

टीपीएस कॉलेज में लाठीचार्ज
टीपीएस कॉलेज में जम कर हंगामा हुआ. हंगामा शांत कराने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज करनी पड़ी. छात्रों पर पुलिस ने जम कर लाठियां चटकायी. इस दौरान कई छात्रों को चोट आयी. आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस लाठीचार्ज के बाद मामला शांत हुआ. इसके बाद कॉलेज गेट को बंद कर दिया गया. गेट बंद होने के बाद मत पेटी को सील कर दिया गया. सील करने के बाद मत पेटी को मतगणना स्थल पर पुलिस सुरक्षा के बीच पहुंचा दिया गया. सुबह से ही कॉलेज के बाहर का माहौल तनावपूर्ण था. छात्र जदयू और एबीवीपी के छात्रों के बीच कई बार छोटी-मोटी मारपीट हुई. छात्र संगठन आपस में भीड़ रहे. बाहरी स्थिति खराब होता देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.

किसने मारी बाजी

अध्यक्ष : राहुल कुमार झा
उपाध्यक्ष : विवेक कुमार मिश्रा
महासचिव: रोशन कुमार
संयुक्त सचिव : विकास कुमार
कोषाध्यक्ष: आशीष तिवारी
काउंसेलर : रिया रंजन, चंदन कुमार, चंचल, ज्योति कुमारी, शुभम कुमार, अभिषेक शर्मा

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन