Nitin Navin BJP President: 45 की उम्र में रचा इतिहास, भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नवीन, पीएम मोदी की बधाई

Nitin Navin
Nitin Navin BJP President: भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है. नितिन नवीन को निर्विरोध भाजपा का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है. इसके साथ ही वे पार्टी के इतिहास में सबसे युवा अध्यक्ष बन गए हैं.
Nitin Navin BJP President: प्रधानमंत्री ने जिन्हें मुस्कुराते हुए “अपना बॉस” कहा, वही नितिन नवीन अब देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की कमान संभाल रहे हैं. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही उन्हें Z श्रेणी की सुरक्षा मिल गई और पटना से दिल्ली तक सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई.
भाजपा मुख्यालय में ऐलान, पीएम मोदी का खास संदेश
मंगलवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में अध्यक्ष पद के चुनाव का औपचारिक ऐलान हुआ. किसी अन्य उम्मीदवार के नामांकन नहीं होने से नितिन नवीन निर्विरोध चुने गए. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी.
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है और वे खुद को कार्यकर्ता मानते हैं. उन्होंने नितिन नवीन को “अपना बॉस” बताया, जिसे संगठन के भीतर नए अध्यक्ष के प्रति भरोसे और सम्मान के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है.
नितिन नबीन ने हमेशा हर जगह खुद को साबित किया, पीएम मोदी प्रधानमंत्री
पीएम मोदी ने नए भाजपा अध्यक्ष की प्रशंसा करते हुए कहा कि नितिन नबीन के संपर्क में जो भी आया, वह उनकी सरलता और सहजता की चर्चा जरूर करता है. भाजपा युवा मोर्चा का दायित्व हो, अलग-अलग राज्यों में प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी हो या बिहार सरकार में काम करने का अनुभव हो, नितिन नबीन ने हमेशा हर जगह अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए खुद को साबित किया.
धार्मिक दर्शन से शुरू हुई नई जिम्मेदारी
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पहले नितिन नवीन ने दिल्ली के भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवाला मंदिर में दर्शन किए. इसे उनकी नई जिम्मेदारी से पहले आध्यात्मिक संतुलन और आशीर्वाद लेने की परंपरा से जोड़कर देखा जा रहा है. 45 साल की उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना उन्हें एक अलग पहचान देता है.
पटना में जश्न, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर
नितिन नवीन के अध्यक्ष बनते ही पटना में उत्सव का माहौल बन गया. भाजपा कार्यालयों और प्रमुख चौराहों पर ढोल-नगाड़े बजे, मिठाइयां बांटी गईं और कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की. बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने जश्न को और खास बना दिया. नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की खुशी उनके पटना स्थित आवास पर भी है. बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाकर उन्हें बधाई दी. रंग-गुलाल, अबीर, मिठाइयों और पटाखों के साथ जश्न मनाया गया.
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भरोसा जताया कि आगामी चुनावों में वे नितिन नवीन के नेतृत्व में बढ़-चढ़कर काम करेंगे. कार्यकर्ताओं का कहना है कि नितिन नवीन हमेशा अपने एक-एक कार्यकर्ता के साथ खड़े रहते हैं और यही वजह है कि उन्हें पूरे संगठन का भरपूर समर्थन मिल रहा है. उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से भाजपा को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद की जा रही है.
नई उम्मीद, नई दिशा की तैयारी
14 दिसंबर 2025 को नितिन नवीन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था. संगठनात्मक अनुभव, युवा छवि और मजबूत पकड़ के कारण उनसे भाजपा को नई रणनीति और नई गति देने की उम्मीद की जा रही है. Z श्रेणी की सुरक्षा और शीर्ष नेतृत्व का भरोसा यह साफ संकेत देता है कि आने वाले समय में नितिन नवीन भाजपा की राजनीति का एक मजबूत चेहरा बनने जा रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




