नवादा में ज्वेलर्स दुकान की दीवार काटकर चोरी, एक लाख के आभूषण और 12 हजार नकद ले गए चोर
पकरीबरावां में सेंधमारी कर चोरी
Nawada News : पकरीबरावां के श्री राम ज्वेलर्स में चोरों ने दीवार काटकर लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ किया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Nawada News : थाना क्षेत्र के बड़ी तालाब गेट के समीप स्थित श्री राम ज्वेलर्स में शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर दुकान की बाहरी दीवार काटकर अंदर दाखिल हुए और करीब एक लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण के साथ 12 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं.
रविवार सुबह दुकान पहुंचने पर हुई चोरी की जानकारी
दुकान संचालक श्री राम कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे. रविवार सुबह उन्हें दुकान में चोरी होने की जानकारी मिली. सूचना मिलने पर जब वह दुकान पहुंचे तो देखा कि दुकान की बाहरी दीवार काटी गई थी. वहीं, आभूषणों के कई डिब्बे दुकान के बाहर बिखरे पड़े थे. इसके बाद उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी.
पुलिस और एफएसएल टीम ने की घटनास्थल की जांच
सूचना मिलते ही पकरीबरावां थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजन चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की. उन्होंने घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच करने के साथ अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल कर रही है.
जनवरी 2025 में भी इसी दुकान में हुई थी चोरी
गौरतलब है कि जनवरी 2025 में भी इसी ज्वेलर्स दुकान को चोरों ने निशाना बनाया था. उस समय चोरों ने शटर का ताला काटकर लॉकर तोड़ दिया था और लाखों रुपये मूल्य के आभूषण एवं नकदी की चोरी कर ली थी. पूर्व में हुई चोरी की घटना का अब तक उद्भेदन नहीं हो सका है. ऐसे में एक ही दुकान में दोबारा चोरी की वारदात होने से स्थानीय व्यवसायियों में चिंता बढ़ गई है.
Also Read : रजौली में अनियंत्रित कार ने दादा-पोती को मारी टक्कर, 5 साल की मासूम की मौत; दादा गंभीर रूप से घायल
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजन चौधरी ने बताया कि दुकानदार की ओर से चोरी की सूचना दी गई है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. जल्द ही घटना में शामिल चोरों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










