अवैध बालू खनन और परिवहन पर छापेमारी, दो ट्रेलर जब्त, 2.14 लाख रुपये का जुर्माना

Updated:
विज्ञापन

जब्त ट्रैक्टर की तस्वीर

Nawada News : नवादा में खनन विभाग और पुलिस ने अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी कर दो ट्रैक्टर-ट्रेलर जब्त किए. चालकों पर जुर्माना लगाकर प्राथमिकी दर्ज की गई है.

विज्ञापन

Nawada News : अवैध बालू खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ सोमवार को जिला खनन विभाग और नारदीगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की. खान निरीक्षक अंजनी कुमार के नेतृत्व में टीम ने नारदीगंज थाना क्षेत्र के बगमरवा गांव के समीप छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बालू का खनन और परिवहन कर रहे चार-पांच ट्रैक्टरों को देखा गया. टीम को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगे. पीछा करने के दौरान एक चालक ट्रैक्टर को गड्ढे में फंसा छोड़कर फरार हो गया, जबकि दूसरे वाहन का चालक ट्रेलर सड़क पर छोड़कर ट्रैक्टर का इंजन लेकर भाग निकला.

करीब 200 घनफिट बालू लदा मिला

जांच के दौरान स्वराज ट्रैक्टर संख्या BR01GG8948 से जुड़े ट्रेलर पर करीब 100 घनफिट बालू लदा मिला. वहीं, दूसरे लाल रंग के ट्रेलर पर भी करीब 100 घनफिट बालू पाया गया. जांच में दूसरे ट्रेलर से संबंधित वाहन का नंबर BR27GA0912 मिला. दोनों वाहनों पर लदे बालू के संबंध में कोई वैध ई-चालान अथवा अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया.

पुलिस बल को साक्षी बनाकर दोनों वाहन जब्त

खान निरीक्षक अंजनी कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों से साक्षी बनने का अनुरोध किया गया, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया. इसके बाद पुलिस बल के जवानों को साक्षी बनाकर दोनों वाहनों को जब्त कर नारदीगंज थाना लाया गया. विभाग की ओर से दोनों वाहनों पर अलग-अलग 1,07,075 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया है.

वाहन मालिक और चालक पर प्राथमिकी

दोनों वाहनों पर कुल 2,14,150 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया है. खान निरीक्षक अंजनी कुमार ने बताया कि अवैध बालू खनन और परिवहन के मामले में वाहन मालिक, चालक एवं अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई है. खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है.

Also Read : कांवर झील के संरक्षण और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, जैव विविधता प्रबंधन समितियों की बैठक


विज्ञापन
Vishal Kumar

लेखक के बारे में

By Vishal Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन