Muzaffarpur Riverfront World Bank: शहर को मिलेगी वर्ल्ड क्लास पहचान, सिकंदरपुर मन में बनेगा वाटर पार्क और बूढ़ी गंडक किनारे रिवरफ्रंट
शहर में निरीक्षण के बाद बैठक करती विश्व बैंक की टीम
Muzaffarpur Riverfront World Bank: शहर को आधुनिक और पर्यटन सिटी बनाने के लिए विश्व बैंक की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया. सिकंदरपुर मन में वाटर पार्क, एक्वेरियम और बूढ़ी गंडक नदी के किनारे शानदार रिवरफ्रंट बनाने की योजना पर मुहर लग सकती है. जानिए पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
Muzaffarpur Riverfront World Bank: शहर को आधुनिक, स्वच्छ और पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. बिहार अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम के तहत विश्व बैंक की टीम ने नगर निगम और मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों के साथ मिलकर शहर की विभिन्न प्रस्तावित विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान टीम ने मुजफ्फरपुर के भविष्य को संवारने वाली महत्वाकांक्षी योजनाओं की व्यवहार्यता, वर्तमान स्थिति और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की.
सिकंदरपुर लेकफ्रंट पर बनेगा वाटर पार्क और एक्वेरियम
विश्व बैंक की टीम ने अपने निरीक्षण की शुरुआत सिकंदरपुर लेकफ्रंट से की. यहां टीम ने लेक-1 के समीप एक छोटा वाटर पार्क बनाने और लेक-2 के बीचों-बीच आधुनिक एक्वेरियम के निर्माण की संभावनाओं को परखा. इसके साथ ही धोबी घाट के पास आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आवासीय परिसर, मरीन ड्राइव के समीप वाटर फाउंटेन व लेजर शो, झील के जल संरक्षण के लिए वाटर एरेटर और करबला रोड पर एक खूबसूरत आर्च ब्रिज के निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया गया.
बूढ़ी गंडक किनारे रिवरफ्रंट और सैटेलाइट टाउनशिप की तैयारी
लेकफ्रंट के बाद टीम ने लकड़ीढ़ाही पुल से लेकर दादर पुल तक बूढ़ी गंडक नदी का निरीक्षण किया. यहां प्रस्तावित रिवरफ्रंट परियोजना को लेकर अधिकारियों के साथ गंभीर चर्चा की गई. इसके बाद टीम ने शहर के पास प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप क्षेत्र का भी भ्रमण किया. वहां भूमि की उपलब्धता, वर्तमान भौगोलिक स्थिति और भविष्य में विकास की संभावनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.
जिले के समग्र विकास को मिलेगी नई दिशा
नगर आयुक्त सह प्रबंध निदेशक ऋतुराज प्रताप सिंह ने कहा कि लेकफ्रंट, रिवरफ्रंट और सैटेलाइट टाउनशिप जैसी बड़ी परियोजनाएं मुजफ्फरपुर के समग्र विकास को एक नई दिशा देंगी. इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से शहर में अत्याधुनिक नागरिक सुविधाएं बढ़ेंगी और पर्यटन को भारी बढ़ावा मिलेगा. निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त श्रीमती स्वरा, सिटी मैनेजर रितेश कुमार, स्मार्ट सिटी के वरीय प्रबंधक प्रेम देव शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










