Muzaffarpur Smart City Investigation: ऋशु श्री रिश्वतकांड की आंच स्मार्ट सिटी तक, तोशिबा के ₹344 करोड़ के प्रोजेक्ट पर एसवीयू की नजर
नगर निगम, मुजफ्फरपुर
Muzaffarpur Smart City Investigation: बिहार के चर्चित ऋशु श्री रिश्वतकांड की आंच स्मार्ट सिटी तक पहुंच गई है. तोशिबा कंपनी के ₹344 करोड़ के सीवरेज प्रोजेक्ट में ₹50 करोड़ की लागत बढ़ने के मामले पर विशेष कार्य इकाई (एसवीयू) की नजर है. जानिए पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur Smart City Investigation: बिहार के चर्चित ऋशु श्री रिश्वतकांड की जांच का दायरा अब मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की एक महत्वपूर्ण परियोजना तक पहुंच गया है. शहर में सीवरेज नेटवर्क एवं एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का काम कर रही कंपनी तोशिबा वाटर सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ी फाइलों और वित्तीय स्वीकृतियों पर विशेष कार्य इकाई (एसवीयू) की नजर है. प्रशासनिक गलियारों में इसे लेकर सरगर्मी तेज हो गई है. सरकार की ओर से पहले ही नगर आयुक्त को पत्र भेजकर ऋशु श्री मामले से संबंधित संदिग्ध कंपनियों के भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया था. अब स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़े फैसलों की भी गहन पड़ताल की जा रही है.
₹294 करोड़ से बढ़कर ₹344 करोड़ हुई प्रोजेक्ट की लागत
स्मार्ट सिटी के दस्तावेजों के अनुसार, मुजफ्फरपुर में सीवरेज एवं एसटीपी परियोजना का प्रारंभिक अनुबंध लगभग ₹294.92 करोड़ का था. बाद में इस परियोजना की लागत में करीब ₹50 करोड़ की अतिरिक्त वृद्धि को मंजूरी दी गई, जिससे कुल लागत बढ़कर लगभग ₹344.92 करोड़ हो गई. अब जांच एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि अतिरिक्त ₹50 करोड़ की स्वीकृति किन परिस्थितियों में और किस तकनीकी आधार पर दी गई. क्या इस प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन किया गया या फिर इसके पीछे कोई बड़ा खेल था, इसकी फाइलें खंगाली जा रही हैं.
काम की धीमी रफ्तार और बढ़े बजट पर उठ रहे सवाल
परियोजना का बजट बढ़ने के बावजूद जमीनी स्तर पर काम की रफ्तार बेहद धीमी है, जिसे लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. शहर के कई इलाकों में अधूरे निर्माण, सड़कों पर उभरे खतरनाक मेनहोल और ऊंचे-नीचे ढक्कनों के कारण आम जनता त्रस्त है. नगर निगम बोर्ड की बैठक में भी पार्षदों ने इस मुद्दे पर जमकर हंगामा किया और अपनी आवाज बुलंद की. स्थानीय लोगों का कहना है कि सैकड़ों करोड़ रुपये पानी की तरह बहाए जाने के बाद भी शहरवासियों को इसका कोई लाभ नहीं मिल सका है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










