Muzaffarpur Accident: तेज रफ्तार कार की टक्कर से SKMCH के बीएससी नर्सिंग छात्र की मौत
SKMCH के बीएससी नर्सिंग छात्र सचिन कुमार
मुजफ्फरपुर के बनारस बैंक चौक पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से SKMCH के बीएससी नर्सिंग छात्र सचिन कुमार की मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल छात्र ने पटना ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया.
मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur Accident: मुजफ्फरपुर नगर थाना क्षेत्र के बनारस बैंक चौक के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एसकेएमसीएच के बीएससी नर्सिंग के एक छात्र की मौत हो गई. तेज रफ्तार कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल छात्र ने पटना ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया.
गांव से लौटने के एक दिन बाद हुआ हादसा
मृतक की पहचान बेनीबाद थाना क्षेत्र के जगनिया गांव निवासी अरुण राय के 22 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार के रूप में हुई है. वह श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था.
परिजनों के अनुसार सचिन एक दिन पहले ही गांव से अपने डेरे पर लौटा था. रविवार रात वह किसी काम से पैदल बाहर निकला था. इसी दौरान बनारस बैंक चौक के पास एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी.
यह भी पढ़ें: लोको पायलट के घर से 30 लाख रुपये के जेवरात चोरी, पुलिस जांच में जुटी
एसकेएमसीएच से पटना रेफर, रास्ते में मौत
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सचिन को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.
परिजनों ने बताया कि पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही सचिन की मौत हो गई.
परिवार में मचा कोहराम
युवा छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव और आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है.
सचिन की असमय मौत से उसके सहपाठियों और परिचितों में भी गहरा दुख है.
यह भी पढ़ें: संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
पुलिस ने कार जब्त कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है.
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: सौतेले भाई-बहनों से विवाद के बाद छात्रा ने दी जान, वीडियो कॉल की जांच में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










