स्कूल परिसर में खेलते समय करंट लगने से 3 साल के बच्चे की मौत, मौके पर मचा कोहराम
विद्यालय में करंट लगने से बच्चे की मौत के बाद जुटे ग्रामीण और जांच करती पुलिस
मुजफ्फरपुर के बंदरा स्थित प्राथमिक विद्यालय मुन्नी मुसहर अजजा में समरसेबल के नंगे तार की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया.
मुजफ्फरपुर के बंदरा से सूर्यमणि कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के बंदरा प्रखंड के हत्था थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय मुन्नी मुसहर अजजा में सोमवार सुबह करंट लगने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया.
समरसेबल के तार की चपेट में आया मासूम
मृतक की पहचान विद्यालय परिसर से सटे रहने वाले रमई माझी के तीन वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे बच्चा विद्यालय परिसर में पहुंच गया और समरसेबल के तार की चपेट में आ गया.
घटना के बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए बंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
यह भी पढ़ें: स्कूल बस में फंसा बिजली का तार, दो दर्जन बच्चे बाल-बाल बचे
बच्चे की मौत के बाद विद्यालय में हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए. लोगों ने विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया.
सूचना पर हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया.
एचएम बोले- तार पर सुरक्षा कवर लगा था
विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि समरसेबल के तार पर सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त कवर लगाया गया था. हालांकि आसपास के बच्चे अक्सर उस पर झूलते थे, जिससे कवर खिसक गया था.
उन्होंने बताया कि ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार को विद्यालय खुला था और सभी शिक्षक साफ-सफाई के कार्य में लगे थे. इसी दौरान बच्चा वहां पहुंच गया और हादसा हो गया.
चहारदीवारी नहीं होने से बढ़ी परेशानी
प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में चहारदीवारी निर्माण के लिए कई बार विभाग को पत्र लिखा गया, लेकिन अब तक निर्माण नहीं कराया गया.
उनका कहना है कि विद्यालय के बगल की बस्ती के बच्चे अक्सर परिसर में खेलते रहते हैं. यदि चहारदीवारी बनी होती तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. नीरज अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
यह भी पढ़ें: सड़क हादसे में नर्सिंग छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










