Muzaffarpur Highway Car Accident: भीषण सड़क हादसा, ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, एक की मौत, तीन घायल
दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार
Muzaffarpur Highway Car Accident : फकुली में रजला हाईवे पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई. इस भीषण हादसे में वैशाली के एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जानिए पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी से अजय कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur Highway Car Accident: फकुली थाना क्षेत्र के रजला हाईवे पर सोमवार अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने आगे जा रही ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गया और परखच्चे उड़ गए. इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है.
हाजीपुर की तरफ जा रही थीं दोनों गाड़ियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक और कार दोनों मुजफ्फरपुर से हाजीपुर की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान रजला हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने अचानक अपना नियंत्रण खो दिया और सामने चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. हादसे के बाद हाईवे के पूर्वी लेन पर कुछ देर के लिए गाड़ियों का परिचालन बाधित हो गया और जाम की स्थिति बन गई. घटना की सूचना मिलते ही फकुली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम समाप्त कराया.
मृतक वैशाली का निवासी, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक के क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक की पहचान वैशाली जिले के सेंदुआरी निवासी के रूप में की गई है. वहीं, सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. फकुली थाना प्रभारी कृष्ण कांत मिश्रा ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पुलिस घायलों और मृतक के नाम-पते का भौतिक सत्यापन करने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










