जहानाबाद डबल मर्डर केस, DGP से बात कर जीतन राम मांझी ने लिया बड़ा एक्शन, स्पीडी ट्रायल के दिए निर्देश
एसपी से मुलाकात करते केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी
Jahanabad News: जहानाबाद के चर्चित निसरपुरा दोहरे हत्याकांड मामले में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया है. पीड़ित परिजनों के सामने ही उन्होंने बिहार के डीजीपी, चीफ सेक्रेटरी और मगध रेंज के आईजी से फोन पर बातचीत की और मामले में तेजी से कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
जहानाबाद से संजय अनुराग की रिपोर्ट
Jahanabad News: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भेलावर थाना क्षेत्र के निसरपुरा गांव पहुंचकर दोहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.
DGP समेत बड़े अधिकारियों से की फोन पर बात
पीड़ित परिवार के सामने ही जीतन राम मांझी ने बिहार के डीजीपी, चीफ सेक्रेटरी और मगध रेंज के आईजी विकास वैभव से फोन पर बातचीत की. उन्होंने अधिकारियों से हत्याकांड में कड़ा एक्शन लेने और दोषियों को जल्द सजा दिलाने की बात कही.
स्पीडी ट्रायल से जल्द सजा दिलाने की मांग
केंद्रीय मंत्री ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से कहा कि निसरपुरा में शिवम कुमार और मुन्ना कुमार सिंह की हत्या मामले में स्पीडी ट्रायल कराया जाए. उन्होंने अभियुक्तों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने का निर्देश दिया.
एसपी से मिलकर ली केस की जानकारी
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद जीतन राम मांझी जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार से मिले. उन्होंने एसपी से केस की प्रगति की जानकारी ली और जांच में तेजी लाने के साथ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही.
एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
केंद्रीय मंत्री के निर्देश के बाद जहानाबाद एसपी कोटा किरण कुमार ने निसरपुरा गांव स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने थाना प्रभारी और केस के अनुसंधानकर्ता (आईओ) से मामले की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
15 दिनों के अंतराल में हुई थी दो हत्याएं
बताया जाता है कि निसरपुरा गांव में 15 दिनों के अंदर दो हत्याओं से इलाके में सनसनी फैल गई थी. पहले शिवम कुमार गोलू की हत्या हुई थी, इसके बाद मामले के गवाह और मृतक के चाचा मुन्ना कुमार सिंह को भी अपराधियों ने मौत के घाट उतार दिया था.
हत्याकांड के बाद तेज हुई थी राजनीतिक हलचल
दोहरे हत्याकांड के बाद जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई थीं. कई राजनीतिक दलों के नेता और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था.
पहले भी हुई थी कार्रवाई
इस मामले में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने अभियुक्तों के घर पर बुलडोजर चलवाकर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की थी. पुलिस लगातार मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
ALSO READ: CBSE 12वीं कंपार्टमेंटल परीक्षा: 15 जुलाई को एग्जाम, अब तक नहीं शुरु हुई आवेदन, छात्र परेशान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Karuna Tiwari
करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है. अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










