Muzaffarpur News: केवाईसी के नाम पर खाते से साफ कर दिए गए लाखों रुपये

Updated:
विज्ञापन
Muzaffarpur Newsmotipur-sbi-csp-fraud-lakhs-withdrawal-customers-protest

सीएसपी केंद्र पर हंगामा करते ग्राहक

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मोतीपुर स्थित एसबीआई सीएसपी केंद्र में लाखों रुपये के गबन का मामला सामने आया है. ग्राहकों ने संचालक पर केवाईसी के नाम पर फिंगर लेकर खातों से अवैध निकासी करने का आरोप लगाया है. जानिए खबर विस्तार से…

विज्ञापन

Muzaffarpur News: थाना क्षेत्र के बरजी चौक स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. सीएसपी संचालक विकास कुमार पर दर्जनों ग्राहकों के खातों से लाखों रुपये की अवैध निकासी और गबन करने का आरोप लगा है. घटना से नाराज ग्राहकों ने शुक्रवार को सीएसपी केंद्र पर जमकर हंगामा किया और संचालक व शाखा प्रबंधक के खिलाफ नारेबाजी की.पीड़ित ग्राहकों का आरोप है कि सीएसपी संचालक केवाईसी के नाम पर कई बार अंगूठे का निशान लेकर खातों से रकम उड़ाता रहा. लोगों का यह भी कहना है कि मोबाइल नंबर लिंक में गड़बड़ी कर दी गई थी, ताकि खाते से निकासी का मैसेज ग्राहकों तक नहीं पहुंचे.

शादी के लिए जमा किए थे रुपये, खाते से हो गए गायब


महवल निवासी मंजू देवी ने बताया कि बेटी की शादी के लिए उन्होंने ग्राहक सेवा केंद्र में खाता खुलवाकर 2 लाख 7 हजार रुपये जमा किए थे. कुछ दिन पहले शादी के खर्च के लिए राशि निकालने पहुंचीं तो सीएसपी केंद्र बंद मिला. इसके बाद मोतीपुर मुख्य शाखा जाकर जानकारी ली तो खाते का बैलेंस शून्य निकला.इसी तरह जोधा साह ने बताया कि केवाईसी के नाम पर कई बार फिंगरप्रिंट लिया गया. बाद में पासबुक अपडेट कराने पर पता चला कि उनके खाते से 2 लाख 15 हजार 500 रुपये की निकासी कर ली गई है. जबकि उन्होंने केवल दो हजार रुपये निकाले थे.रामू साह के खाते से 1 लाख 55 हजार रुपये, राजकली देवी के खाते से 23 हजार रुपये, शब्या खातून के खाते से 1 लाख 55 हजार रुपये और जैबून खातून के खाते से 1 लाख 80 हजार रुपये निकाले जाने की बात सामने आई है. वहीं विश्वनाथ राम, एमडी कुर्बान और फूलमती देवी समेत कई अन्य ग्राहकों ने भी लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगाया है.

सर्वर डाउन और लिंक फेल का देता था बहाना


ग्राहकों ने बताया कि जब भी वे पैसे निकालने या खाता जांच कराने सीएसपी केंद्र जाते थे, संचालक विकास कुमार सर्वर डाउन या लिंक फेल होने का बहाना बनाकर लौटा देता था. कई ग्राहकों ने आरोप लगाया कि खाते से जुड़े मोबाइल नंबर में भी बदलाव कर दिया गया था, ताकि निकासी की जानकारी उन्हें न मिल सके.

शिकायत पर भी नहीं मिली मदद

पीड़ितों का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर मोतीपुर बाजार स्थित मुख्य शाखा पहुंचे, तो वहां भी उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि मामला वहां का नहीं है.इधर मामले के बाद से सीएसपी संचालक विकास कुमार फरार बताया जा रहा है. संपर्क करने पर उसका मोबाइल फोन बंद मिला. फिलहाल पीड़ित ग्राहकों में भारी आक्रोश है और कार्रवाई की मांग की जा रही है.

मुज़फ़्फ़रपुर सेअशोक कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन