मुजफ्फरपुर: साहेबगंज में स्कूली छात्रा से दिनदहाड़े सोने की हनुमानी लूटी

मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थाना क्षेत्र में एक स्कूली छात्रा से दिनदहाड़े सोने की हनुमानी लूट ली गई. विरोध करने पर अपराधियों ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया. इस घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है.
Muzaffarpur News: साहेबगंज थाना क्षेत्र के रजवाड़ा गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों ने स्कूल से घर लौट रही एक छात्रा के गले से सोने की हनुमानी लूट ली. विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर छात्रा को घायल कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
स्कूल से लौटते समय हुई वारदात
पीड़िता शिवांगी कुमारी, रजवाड़ा के सहनी टोला निवासी कुंदन सहनी की पुत्री है और मध्य विद्यालय रजवाड़ा में दूसरी कक्षा की छात्रा है. छात्रा ने बताया कि विद्यालय से छुट्टी के बाद वह घर लौट रही थी. इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उसे रोककर गले से सोने की हनुमानी छीनने की कोशिश की.
विरोध करने पर चाकू से किया हमला
छात्रा के अनुसार, वह डरकर भागने लगी तो बदमाशों ने दोबारा झपट्टा मारा और चाकू से हनुमानी काटने लगे. शोर मचाने और विरोध करने पर अपराधियों ने उसकी गर्दन और कान के पास वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गई. बाद में उसे एक निजी क्लिनिक में इलाज के लिए ले जाया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.
लोगों में बढ़ी चिंता
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से बच्चों को विद्यालय भेजने को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है. लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.
यह भी पढ़ें: मनियारी में तेज रफ्तार बाइक गड्ढे में गिरी, सवार की मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सरफराज अहमद
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










