मुजफ्फरपुर: कटरा के स्कूल में प्रधानाध्यापक पर महिला शिक्षकों से अभद्रता का आरोप, बीईओ और थाने में शिकायत

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

कटरा थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों ने प्रधानाध्यापक पर महिला शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है. शिक्षकों ने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और थाने में आवेदन दिया है.

विज्ञापन

Muzaffarpur News: कटरा थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर महिला शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) कार्यालय तथा कटरा थाना में आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा की मांग की है. मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है.

विज्ञापन

शिक्षकों ने लगाए गंभीर आरोप

शिक्षकों ने आवेदन में आरोप लगाया है कि प्रधानाध्यापक जय नारायण राम महिला शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं. आवेदन के अनुसार, 17 जुलाई को बाढ़ के कारण विद्यालय तक जाने का रास्ता बाधित हो गया था. ऐसे में प्रधानाध्यापक ने दो शिक्षकों को विद्यालय पहुंचकर संचालन करने तथा अन्य शिक्षकों को नदी के इस पार ही रहने को कहा.

शिक्षकों का कहना है कि इसकी सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय को भी दी गई थी, जहां से मौखिक रूप से उपस्थिति दर्ज कर वहीं रहने की बात कही गई.

आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 23 जुलाई को जब शिक्षक उपस्थिति पंजी पर हस्ताक्षर करने विद्यालय पहुंचे तो प्रधानाध्यापक ने महिला शिक्षकों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की. शिक्षकों के अनुसार, इसका विरोध करने पर उन्हें धमकी दी गई. एक पुरुष शिक्षक द्वारा विरोध किए जाने पर भी कथित रूप से धमकाया गया.

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रधानाध्यापक पूर्व से ही शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार करते रहे हैं तथा उनके व्यवहार की शिकायत पहले भी विभागीय अधिकारियों से की गई थी. शिक्षकों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक नशे की हालत में विद्यालय पहुंचते हैं और असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं.

पूर्व में वेतन काटने का भी आरोप

शिक्षकों ने आवेदन में उल्लेख किया है कि विद्यालय की एक शिक्षिका द्वारा पूर्व में अवकाश का आवेदन देने के बावजूद चार दिनों का वेतन काट लिया गया था और उन्हें लगातार प्रताड़ित किया गया.

जांच के बाद होगी कार्रवाई

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी वंदना कुमारी ने कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

कटरा थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच महिला पदाधिकारी से कराई जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन