Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर का चंदवारा पुल मई में होगा चालू, बखरी तक जुड़ेगा एप्रोच रोड

Village Road
Muzaffarpur: डीएम सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि सीएम की प्रगति यात्रा के प्रमुख एजेंडा में चंदवारा पुल भी शामिल था. इसे चालू करने के लिए अब तेजी से काम होगा. राशि स्वीकृत कर दी गयी है.
Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर. शहर के लिए बहुप्रतीक्षित चंदवारा पुल पर यातायात मई महीने में चालू हो जाएगा. पहले फेज का काम अप्रैल तक पूरा हो जाएगा. संपर्क पथ के अलावा पुल के शेष बचे काम को पूरा किया जायेगा. दूसरे फेज में एप्रोच रोड को बखरी से कनेक्ट कर दिया जाएगा. इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल गयी है. फिलहाल पुल से बांध रोड होते हुए आवागमन चालू रहेगा. डीएम सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि सीएम की प्रगति यात्रा के प्रमुख एजेंडा में चंदवारा पुल भी शामिल था. इसे चालू करने के लिए अब तेजी से काम होगा. राशि स्वीकृत कर दी गयी है. फेज दो में जेल चौक से लेकर बखरी तक चौड़ी सड़क का निर्माण कराया जाएगा. इसमें 120 करोड़ की लागत आएगी. इसी लागत में खुदीराम बोस चिता स्थली का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा.
अखाड़ाघाट पुल से घटेगा लोड
चंदवारा पुल के बनने से शहर का पूर्वी इलाका एनएच-57 से आसानी से जुड़ जाएगा. अखाड़ाघाट पुल का ट्रैफिक लोड काफी कम हो जाएगा. शहर में आने जाने के लिए बूढ़ी गंडक नदी पर एक और पुल हो जाएगा. चंदवारा से बनारस बैंक चौक होते हुए लोग शहर आसानी से आ जायेंगे. शहर में आने व जाने के लिए दो विकल्प होने से शहर के प्रमुख इलाकों में भी जाम से छुटकारा मिलेगा. अहियापुर होकर लोग बखरी पुनास होते हुए चंदवारा घाट पहुंचेंगे और पुल के रास्ते आसानी से शहर में प्रवेश कर सकेंगे.
अगले साल चालू हो जाएगा फोरलेन पुल
अखाड़ाघाट पुल के समानांतर फोरलेन पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. करीब दो साल पहले इस पुल की मंजूरी दी गयी थी. डीएम ने बताया कि अगले साल के अंत तक इस पुल से यातायात चालू हो जाएगा. इस पुल की लंबाई 300 मीटर और चौड़ाई साढ़े 22 मीटर होगी. यह पुल सिकंदरपुर ओपी के पीछे से बनेगा, जहां शहरी क्षेत्र में जमीन का अधिग्रहण नहीं होगा क्योंकि पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है. सिर्फ पुल के दूसरी तरफ से शेखपुर में 19 डिसमिल जमीन का अधिग्रहण किया गया है.
Also Read: बिहार सरकार को सर्वे में मिली 17.86 लाख एकड़ बेलगानी जमीन, अधिकतर पर है लोगों का कब्जा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




