11 महीने से मैनेजर नहीं, 28 दिनों से ATM बंद, औराई SBI में ग्राहकों का बुरा हाल

बंद एटीएम
मुजफ्फरपुर के लोहिया चौक स्थित एसबीआई शाखा में पिछले एक साल से व्यवस्था बदहाल है. 11 महीने से शाखा प्रबंधक का पद खाली है और सिर्फ तीन कर्मचारियों के भरोसे बैंक चल रहा है, जिससे ग्राहकों को भारी असुविधा हो रही है. स्थानीय लोग प्रदर्शन की चेतावनी दे रहे हैं.
Muzaffarpur News: औराई प्रखंड मुख्यालय के लोहिया चौक स्थित एसबीआई शाखा की व्यवस्था पिछले करीब एक वर्ष से बदहाल बनी हुई है. शाखा में 11 माह से शाखा प्रबंधक नहीं हैं, जबकि सर्विस मैनेजर का पद भी करीब एक माह से खाली है. आठ कर्मचारियों की जगह महज तीन स्टाफ के भरोसे बैंक का कामकाज चल रहा है. इससे ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं के लिए लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है.
Aurai News: 11 माह से शाखा प्रबंधक का पद खाली
लोहिया चौक स्थित एसबीआई शाखा थ्री स्टार रेटिंग वाली शाखा है, लेकिन यहां कर्मचारियों की भारी कमी है. शाखा में आठ कर्मियों की आवश्यकता के बावजूद फिलहाल सिर्फ तीन कर्मचारी काम कर रहे हैं. शाखा प्रबंधक के नहीं रहने और सर्विस मैनेजर का पद खाली होने से ग्राहकों के कई जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं.
28 दिनों से ATM खराब, पासबुक अपडेट भी बंद
लोहिया चौक के व्यवसायी नंदकुमार चौधरी ने बताया कि बैंक शाखा का एटीएम पिछले 28 दिनों से खराब है. इसे अब तक ठीक नहीं कराया गया है. वहीं, मशीन खराब होने के कारण करीब दो महीने से बैंक में पासबुक अपडेट की सुविधा भी प्रभावित है. इससे ग्राहकों को छोटे-छोटे काम के लिए भी परेशानी हो रही है.
छात्रवृत्ति के लिए खाता खुलवाने को एक माह से परेशान
औराई बाजार निवासी ग्राहक रंजन कुमार ने बताया कि उन्हें अपने दो बच्चों की छात्रवृत्ति के लिए बैंक में खाता खुलवाना है. इसके लिए वह करीब एक माह से बैंक का चक्कर लगा रहे हैं. उनका कहना है कि सर्विस मैनेजर नहीं होने का हवाला देकर खाता खोलने में देरी की जा रही है.
पति की मौत के बाद तीन महीने से बैंक का चक्कर
महेश स्थान निवासी चुन्नी बेगम ने बताया कि उनके पति की मृत्यु हो चुकी है. सभी आवश्यक कागजात लेकर वह पिछले तीन महीने से बैंक का चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है. उनका कहना है कि उन्हें पैसे की जरूरत है, ताकि बीमार बेटे का इलाज करा सकें.
तीन दिनों से ATM के लिए लौट रहे ग्राहक
कटरा से बैंक पहुंचे विनोद कुमार ने बताया कि वह तीन दिनों से बैंक आकर लौट रहे हैं. ATM बंद रहने के कारण उन्हें नकद राशि नहीं मिल पा रही है. बैंक की लगातार खराब होती व्यवस्था को लेकर स्थानीय ग्राहकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
स्टाफ की कमी से समस्या, जल्द सुधार का दावा
एसबीआई की क्षेत्रीय प्रबंधक प्रियंका पांडेय ने फोन पर बताया कि स्टाफ की कमी के कारण शाखा में समस्या उत्पन्न हुई है. इसे जल्द ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का तत्काल समाधान जरूरी है.
धरना-प्रदर्शन की दी चेतावनी
बैंक की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय कांग्रेसी नेता दीनबंधु क्रांतिकारी, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष लक्ष्मण ठाकुर, विनोद ठाकुर समेत दर्जनों लोगों ने बैठक की. लोगों ने बैंक की व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने वाले गिरोह का भंडाफोड़, फर्जी WhatsApp प्रोफाइल का खुलासा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










