शिक्षक दिवस पर अनूठा प्रयास, बच्चों ने संभाली स्कूल की कमान

शिक्षक दिवस पर अनूठा प्रयास, बच्चों ने संभाली स्कूल की कमान
प्रतिनिधि, सरैया प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय नवादा में शिक्षक दिवस के अवसर पर एक अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ बच्चों ने खुद प्रधानाध्यापक और शिक्षकों की भूमिका निभाकर पूरे स्कूल का संचालन किया. यह अनुभव बच्चों के लिए बेहद खास रहा. गुरुवार की सुबह, चेतना सत्र से ही बच्चों ने स्कूल की जिम्मेदारी संभाल ली. कक्षा 8 की छात्रा करीना कुमारी को प्रधानाध्यापक (एचएम) की भूमिका दी गई. करीना ने पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रार्थना सभा से लेकर कक्षाओं में पढ़ाई तक, सभी कार्यों को बखूबी संभाला. उनके इस प्रयास को देखकर शिक्षक और अभिभावक भी हैरान रह गए. करीना ने बताया कि यह अनुभव उन्हें भविष्य में कुछ बड़ा करने की प्रेरणा देगा. मुस्कान, उर्मिला, मिक्की, साक्षी, तन्नू, सुभांशु, अमृता, रजनी, गुड्डू, सम्मी, रणवीर, आयुष, संजीव, विशाल, और आदर्श जैसे कई छात्रों ने शिक्षक बनकर अपने सहपाठियों को पढ़ाया. इस दौरान छोटे बच्चे अपने ही दोस्तों से पढ़कर उत्साहित थे, जबकि शिक्षक बने छात्र गौरवान्वित महसूस कर रहे थे. दूसरे सत्र में, विद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह आयोजित हुआ. इस दौरान डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और केक काटा गया. बच्चों ने गीत और भाषण के माध्यम से शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला. प्रधानाध्यापक पंकज राकेश ने इस तरह के कार्यक्रमों को बच्चों में नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी का बोध जगाने के लिए महत्वपूर्ण बताया. ग्रामीण क्षेत्र में हुए इस आयोजन की अभिभावकों ने भी खूब सराहना की. मौके पर शिक्षक हरिनारायण सिंह, श्यामलाल राम, रागिनी कुमारी, और अजित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




