ePaper

बिहार में नगर निकायों को 30 तक करनी होगी मॉनसून की तैयारी, विभाग जारी करेगा एसओपी

Updated at : 05 Apr 2021 6:37 AM (IST)
विज्ञापन
बिहार में नगर निकायों को 30 तक करनी होगी मॉनसून की तैयारी, विभाग जारी करेगा एसओपी

पटना के तर्ज पर राज्य के अन्य सभी नगर निकायों में 30 अप्रैल तक मॉनसून पूर्व तैयारियों को पूरा करने का निर्देश दिया गया है.

विज्ञापन

पटना . पटना के तर्ज पर राज्य के अन्य सभी नगर निकायों में 30 अप्रैल तक मॉनसून पूर्व तैयारियों को पूरा करने का निर्देश दिया गया है. इसमें नगर निकायों को सभी नालों से अतिक्रमण हटा कर उड़ाही पूरी कर लेनी है.

इसके अलावा ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों को पूरी तरह तैयार करना, बड़े नालों तक मुहल्लों से पानी निकलने की व्यवस्था करना और जिन इलाकों में पानी का जमाव हर बार होता है वहां से पानी निकालने की व्यवस्था के तहत अस्थायी रूप से मोटर लगाने आदि की व्यवस्था करने का काम प्राथमिक तौर पर पूरा करना होगा.

शनिवार को पटना नगर निगम की बैठक के बाद अब नगर विकास व आवास विभाग अन्य सभी नगर निकायों के लिए मॉनसून पूर्व तैयारी को लेकर जल्द ही एसओपी जारी करने वाला है. दरअसल, पटना में जलजमाव को लेकर भले ही चर्चा तेज होती रही हो, मगर पटना के अलावा मुजफ्फरपुर, भागलपुर व बिहारशरीफ सहित अन्य शहरों में भी जलजमाव की समस्या होती है. इसको लेकर भी विभाग की ओर से निगरानी की जा रही है.

जल्द ही इन शहरों के नगर आयुक्त, कार्यपालक अधिकारी आदि के साथ दोबारा बैठक करने का निर्देश दिया जायेगा. पिछले वर्ष माॅनसून के दौरान जिन- जिन स्थलों पर जल निकासी के दृष्टिकोण से कच्चे नाले की खुदाई की गयी थी, उनमें जल के निर्बाध बहाव के लिए अप्रैल अंत तक दोबारा उड़ाही कर गाद और गंदगी हटाने का निर्देश सभी निकायों को दिया गया.

दानापुर, फुलवारीशरीफ एवं खगौल नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्र में सभी नालों, सड़क और सीवरेज को 30 अप्रैल तक अभियान चलाकर नालों को अतिक्रमण मुक्त करने को कहा गया है. गौरतलब है कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी नाला उड़ाही के कार्यों के लिए जिला प्रशासन और पटना नगर निगम की संयुक्त टीम गठित कर जांच की जायेगी. उड़ाही कार्य संतोषप्रद नहीं पाये जाने पर संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.

विभाग में बनेगा वाररूम, सीसीटीवी से होगी मॉनीटरिंग

मॉनसून के दौरान नगर विकास व आवास विभाग में एक वाररूम बनाया जायेगा. इसमें विभाग के प्रधान सचिव की निगरानी में अधिकारी व कर्मचारी काम करेंगे. निकायों से जुड़े सीसीटीवी कैमरे को ऑनलाइन जोड़ कर बारिश के दौरान पानी जमाव की स्थिति ऑनलाइन देखा जायेगा. कई संप हाउसों में भी सीसीटीवी कैमरे से वॉटर लेवल की मॉनीटरिंग होगी. नगर निगम विभाग के साथ जुड़े रहेंगे. नालों में प्रति किमी के आधार पर जेइ व अन्य अधिकारियों को सफाई व जलजमाव नहीं होने की जिम्मेदारी रहेगी.

Posted by Ashish Jha

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन