मुंगेर के तारापुर में धूमधाम से मनी ईद-उल-अजहा, गले मिलकर दिया भाईचारे और सौहार्द का संदेश
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 28 May 2026 9:19 AM
Tarapur Bakrid Celebration: मुंगेर के तारापुर में ईद-उल-अजहा का त्योहार धार्मिक आस्था, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया. गाजीपुर ईदगाह मैदान में नमाज अदा करने के बाद हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी.
तारापुर से संजय वर्मा की रिपोर्ट.
Tarapur Bakrid Celebration: मुंगेर जिले के तारापुर में गुरुवार को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार पूरे उल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया. सुबह से ही गाजीपुर ईदगाह मैदान और विभिन्न मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया. पूरे क्षेत्र में त्योहार को लेकर उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला.
ईदगाह में गूंजी अमन और भाईचारे की दुआ
गाजीपुर स्थित ईदगाह मैदान में जामा मस्जिद के पेश इमाम जनाब मुजीबुर रहमान ने बकरीद की नमाज अदा कराई. नमाज के दौरान देश और समाज में अमन-चैन तथा भाईचारे की दुआ मांगी गई. नमाज समाप्त होने के बाद हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी. इसके बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने परंपरा के अनुसार कुर्बानी अदा की.
तकरीरों में बताया गया कुर्बानी का महत्व
ईदगाह में आयोजित तकरीरों में मौलानाओं ने ईद-उल-अजहा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि कुर्बानी केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि त्याग, इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है. इस पर्व से लोगों में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत होती है.
मेले जैसा दिखा माहौल, बच्चों में खास उत्साह
ईदगाह मैदान के बाहर मेले जैसा दृश्य देखने को मिला. बच्चे नए कपड़े पहनकर अपने परिवार के साथ नमाज पढ़ने पहुंचे थे. इत्र की खुशबू और उत्सवी माहौल ने पूरे क्षेत्र को खास बना दिया. तिगांव मैदान में लगे झूलों और दुकानों पर बच्चों की भीड़ लगी रही. दोपहर बाद से देर रात तक लोग एक-दूसरे के घर जाकर लजीज व्यंजनों का आनंद लेते रहे.
प्रशासन रहा पूरी तरह अलर्ट
त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. बीडीओ प्रशांत कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर विवेक राज और अपर थानाध्यक्ष सुबंता कुमारी पुलिस बल के साथ लगातार गश्त करते रहे. एसडीओ राजेश रंजन कुमार, डीएसपी कुमार देवेंद्र और अंचल अधिकारी संतोष कुमार भी विभिन्न मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों का जायजा लेते रहे.
Also Read: विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर बेगूसराय से टोक्यो तक गूंजा ‘पीरियड जागरूकता अभियान’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










