7 घंटे लेट राजधानी तो 4 घंटे पीछे गरीब रथ, जमालपुर में यात्री बेहाल
जमालपुर रेलवे स्टेशन | Prabhat Khabar Network
भागलपुर-किऊल रेलखंड पर लंबी दूरी की ट्रेनों का लेट परिचालन जारी है. राजधानी एक्सप्रेस 7 घंटे और गरीब रथ एक्सप्रेस 4 घंटे विलंब से चल रही है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. यह समस्या पिछले पखवाड़े से बनी हुई है.
मुंगेर : पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल अंतर्गत साहिबगंज लूप लाइन के भागलपुर-जमालपुर-किऊल रेलखंड पर लंबी दूरी की ट्रेनों के विलंब से चलने का सिलसिला लगातार जारी है. गुरुवार को भी अगरतला जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस करीब सात घंटे, जबकि भागलपुर जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस करीब चार घंटे विलंब से चल रही थी. ट्रेनों के लगातार विलंब से रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ गयी है.
आपके शहर में
राजधानी एक्सप्रेस करीब सात घंटे लेट
जमालपुर में प्राप्त जानकारी के अनुसार आनंद विहार से अगरतला जाने वाली 20502 डाउन राजधानी एक्सप्रेस गुरुवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन नहीं पहुंच सकी थी. इस ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय पूर्वाह्न 11:05 बजे है. जानकारी के अनुसार ट्रेन के शाम करीब छह बजे तक जमालपुर पहुंचने की संभावना थी.
गरीब रथ भी चार घंटे विलंबित
आनंद विहार से भागलपुर जाने वाली 22406 डाउन गरीब रथ एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से करीब चार घंटे विलंब से चल रही थी. ट्रेन के जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:10 बजे है, लेकिन पूर्वाह्न 11:26 बजे तक ट्रेन बाढ़ में ही थी. जानकारी के अनुसार इसके अपराह्न एक बजे के बाद जमालपुर पहुंचने की संभावना थी.
श्रावणी मेला स्पेशल भी डेढ़ घंटे पीछे
भागलपुर से रांची जाने वाली 08689 अप श्रावणी मेला स्पेशल एक्सप्रेस भी करीब डेढ़ घंटे विलंब से चल रही थी. इस ट्रेन के जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 10:15 बजे है. लेकिन इसके करीब 11:50 बजे तक पहुंचने की संभावना बतायी गयी.
एक पखवाड़े से बनी है स्थिति
लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनों के विलंब परिचालन से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है. बताया जाता है कि पिछले करीब एक पखवाड़े से जमालपुर होकर गुजरने वाली कई प्रीमियम ट्रेनें निर्धारित समय से विलंब से चल रही हैं. वहीं स्पेशल ट्रेनों का परिचालन भी समय पर नहीं हो पा रहा है. इससे यात्रियों को स्टेशन और मार्ग में लंबा इंतजार करना पड़ रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विजय कुमार गुप्ता
विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









