स्नातक सेमेस्टर-5 के रिजल्ट में गड़बड़ी पर भड़के छात्र, परीक्षा नियंत्रक से तीखी नोकझोंक

Updated:
विज्ञापन

मुंगेर विश्वविद्यालय

मुंगेर विश्वविद्यालय के स्नातक सीबीसीएस सेमेस्टर-5 के परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया. परीक्षा विभाग के सामने छात्रों की शिकायतें और परीक्षा नियंत्रक के साथ तीखी नोकझोंक हुई.

विज्ञापन

Munger University Result: मुंगेर. स्नातक सीबीसीएस सेमेस्टर-5 सत्र 2023-27 के परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी को लेकर बुधवार को मुंगेर विश्वविद्यालय में छात्रों ने प्रदर्शन किया. छात्रों ने परीक्षा विभाग के समक्ष अपनी शिकायतें रखीं और परिणाम में सुधार की मांग की. प्रदर्शन के दौरान परीक्षा नियंत्रक प्रो. दशरथ प्रजापति और विद्यार्थियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई.

हजारों छात्रों के परिणाम में त्रुटि का आरोप

छात्र नेताओं का कहना है कि सेमेस्टर-5 के परीक्षा परिणाम में हजारों छात्र-छात्राओं के अंक प्रकाशित करने में गंभीर त्रुटियां हुई हैं. विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि इंटर्नशिप प्रमाण-पत्र और रिपोर्ट जमा करने के बावजूद कई छात्रों के परिणाम में एबी यानी अनुपस्थित दर्ज कर दिया गया है.

वहीं कई ऐसे विद्यार्थी भी हैं, जिन्होंने परीक्षा में सफलता हासिल की है, लेकिन उनके परिणाम में रिजल्ट पेंडिंग दिखाया जा रहा है. छात्रों का कहना है कि इस तरह की गड़बड़ी से उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है.

परिणाम सुधार के नाम पर राशि मांगने का आरोप

छात्र नेता श्रवण कुमार ने आरोप लगाया कि परीक्षा परिणाम में सुधार के नाम पर विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग के कुछ कर्मियों द्वारा एक से दो हजार रुपये तक की राशि मांगने की शिकायत सामने आई है. उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत परीक्षा नियंत्रक से करते हुए संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी.

परीक्षा नियंत्रक से हुई तीखी नोकझोंक

छात्र नेता के अनुसार शिकायत पर परीक्षा नियंत्रक की ओर से तत्काल कार्रवाई करने के बजाय कुलपति से चर्चा करने की बात कही गई. इसी को लेकर विद्यार्थी नाराज हो गए और परीक्षा नियंत्रक तथा छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. बाद में छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराया.

नामांकन और प्रतियोगी परीक्षाओं पर असर का दावा

छात्र नेताओं ने कहा कि परीक्षा परिणाम में अनियमितताओं के कारण विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई और नामांकन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है. कई छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहे हैं, ऐसे में समय पर सही परीक्षाफल नहीं मिलने से उनके सामने परेशानी खड़ी हो सकती है.

निष्पक्ष जांच और संशोधित परिणाम की मांग

प्रदर्शनकारी छात्रों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उन्होंने परीक्षा नियंत्रक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और आवश्यकता पड़ने पर निलंबन की कार्रवाई की मांग भी उठाई. साथ ही सभी त्रुटिपूर्ण परिणामों में तत्काल सुधार कर संशोधित परीक्षाफल जारी करने की मांग की गई, ताकि विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर न पड़े.

कई छात्र रहे प्रदर्शन में शामिल

Munger University Result: विरोध प्रदर्शन में छात्र नेता आनंद कुमार, कौशल कुमार, मनीष यादव, संतोष यादव, छोटू कुमार, अंशुमन कुमार और सुमित कुमार सहित अन्य विद्यार्थी शामिल रहे.



विज्ञापन
अमित झा

लेखक के बारे में

By अमित झा

अमित झा प्रिंट माध्यम में 06 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन