सरवाइकल कैंसर से बचाव के लिए 31 अगस्त तक 9-14 साल की किशोरियों को लगेगा सर्वावैक का दूसरा डोज
जिला प्रतिरक्षण कार्यालय. | Prabhat Khabar Network
गर्भावस्था में संतुलित आहार और नियमित व्यायाम शिशु के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। जानें अपने और बच्चे के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के आसान टिप्स।
महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसर में शामिल सरवाइकल कैंसर से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जिले में विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया है. 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वावैक वैक्सीन के दूसरे डोज से शतप्रतिशत अच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए 31 अगस्त तक अभियान चलाया जाएगा.
251 स्कूलों में पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ फैजुद्दीन ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के 251 विद्यालयों की लाइनलिस्ट तैयार की गई है. संबंधित प्रखंड के स्वास्थ्यकर्मियों को इन विद्यालयों में पहुंचकर पात्र किशोरियों को सर्वावैक का दूसरा डोज देने का निर्देश दिया गया है.
इसके अलावा जिले के प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर भी 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वावैक का दूसरा डोज उपलब्ध कराया जा रहा है.
14,960 किशोरियों को लग चुका पहला डोज
डॉ फैजुद्दीन के अनुसार जिले में अब तक 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की कुल 14,960 किशोरियों को सर्वावैक वैक्सीन का पहला डोज दिया जा चुका है. इनमें से 6,489 किशोरियों को दूसरा डोज भी दिया जा चुका है.
अब शेष किशोरियों को दूसरा डोज देकर टीकाकरण अभियान को निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचाने की तैयारी है. विभाग ने इसके लिए 31 अगस्त की समय सीमा तय की है.
14 से 15 वर्ष की किशोरियों को गार्डासिल का एक डोज
उन्होंने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सरवाइकल कैंसर से बचाव के लिए गार्डासिल वैक्सीन का एक डोज दिया जाता है. जिले में निर्धारित आयु वर्ग की 14,260 किशोरियों में से अब तक 13,805 को गार्डासिल का टीका लगाया जा चुका है. यह 96.8 प्रतिशत उपलब्धि है.
अभिभावक समय पर जरूर लगवाएं दूसरा डोज
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की है कि जिन किशोरियों को सर्वावैक का पहला डोज लग चुका है और उसे छह माह पूरा हो गया है, उन्हें दूसरा डोज जरूर दिलाएं.
उन्होंने कहा कि अभिभावक अपनी पात्र बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर टीकाकरण कराएं. समय पर दूसरा डोज दिलाना अभियान की सफलता के साथ किशोरियों को भविष्य में सरवाइकल कैंसर के जोखिम से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अमित झा
अमित झा प्रिंट माध्यम में 06 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








