आज का दर्शन : मनोकामना पूरी करते हैं पंचमुखी नाथ, सावन में उमड़ते हैं श्रद्धालु
पंचमुखीनाथ महादेव | Prabhat Khabar Network
मुंगेर की ऐतिहासिक भूमि पर स्थित पंचमुखी नाथ शिव मंदिर, जिसे पंचवदन स्थान भी कहा जाता है, भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने के लिए प्रसिद्ध है. सावन के महीने में यह मंदिर 'लघु देवघर' का रूप ले लेता है, जहाँ श्रद्धालु दूर-दूर से जल लेकर जलाभिषेक करने आते हैं.
मुंगेर की ऐतिहासिक धरती पर कई प्राचीन धार्मिक स्थल आज भी अपनी पहचान और आस्था को संजोए हुए हैं. इन्हीं में से एक है हवेली खड़गपुर का प्रसिद्ध पंचमुखी नाथ शिव मंदिर, जिसे पंचवदन स्थान के नाम से भी जाना जाता है. यह मंदिर खड़गपुर मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर नगर की दक्षिण-पूर्वी सीमा पर स्थित है. जिला मुख्यालय से इसकी दूरी करीब 40 किलोमीटर है.
आपके शहर में
पंचमुखी नाथ महादेव को मनोकामना पूर्ण करने वाले शिव के रूप में श्रद्धालु पूजते हैं. यही वजह है कि यहां सालभर आसपास के दर्जनों गांवों के अलावा दूर-दराज से भी श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं.
पांच मुख वाले भोलेनाथ की अनोखी प्रतिमा
मान्यता है कि मंदिर में भोलेनाथ आपरूपी स्वरूप में विराजमान हैं. पांच मुख और बदन होने के कारण इन्हें पंचमुखी अथवा पंचवदन महादेव कहा जाता है. स्थानीय लोगों के बीच बाबा पंचमुखी नाथ की काफी प्रसिद्धि है. श्रद्धालु अपनी मनोकामना लेकर मंदिर पहुंचते हैं और विधि-विधान से पूजा कर बाबा का आशीर्वाद लेते हैं.
सावन में बन जाता है लघु देवघर
पंचमुखी नाथ मंदिर को स्थानीय लोग लघु देवघर के नाम से भी जानते हैं. सावन के महीने में यहां विशेष रौनक रहती है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर बाबा पंचमुखी नाथ का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं. सावन में मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठता है.
सदियों पुरानी है मंदिर की मान्यता
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार इस मंदिर का इतिहास काफी पुराना है. कहा जाता है कि 15वीं शताब्दी में मंदिर का निर्माण कराया गया था. समय के साथ मंदिर की धार्मिक प्रसिद्धि बढ़ती गयी और पंचमुखी नाथ आज खड़गपुर क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल हो गये हैं. यहां आने वाले श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की कामना करते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राणा गौरी शंकर
राणा गौरी शंकर प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक आज से की. अभी प्रभात खबर के मुंगेर कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








