मुंगेर-भागलपुर फोरलेन पर बिना वैध चालान के गिट्टी लदे दो ट्रक छोड़कर भागे चालक, पुलिस ने किया जब्त

Updated:
विज्ञापन

जब्त दोनों ट्रक | Prabhat Khabar Network

मुंगेर-भागलपुर फोरलेन पर यातायात पुलिस ने अवैध गिट्टी लदे दो ट्रकों को जब्त किया है। चालक मौके से फरार, खनन विभाग कर रहा है मामले की जांच।

विज्ञापन

मुंगेर : मुंगेर-भागलपुर नवनिर्मित फोरलेन पर टोल के समीप यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिट्टी लदे दो ट्रकों को जब्त कर लिया. पुलिस को देखते ही दोनों ट्रकों के चालक वाहन सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए. मामले की सूचना खनन विभाग को भी दी गई है.

पुलिस को देखते ही ट्रक छोड़कर फरार हुए चालक

जानकारी के अनुसार यातायात डीएसपी प्रभात रंजन कल्याणपुर के समीप फोरलेन टोल के पास वाहन जांच कर रहे थे. इसी दौरान भागलपुर की ओर से गिट्टी लदे दो ट्रक आते दिखाई दिए. पुलिस को देखते ही नवनिर्मित टोल प्लाजा और बरियारपुर के बीच दोनों ट्रकों के चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए.

मालिक नहीं दिखा सके वैध दस्तावेज

मामले की जानकारी मिलने के करीब एक घंटे बाद दोनों ट्रकों के मालिक यातायात डीएसपी से मिलने पहुंचे. पुलिस ने गिट्टी के परिवहन से संबंधित वैध चालान और अन्य आवश्यक कागजात मांगे, लेकिन वाहन मालिक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया गया.

खनन विभाग करेगा गिट्टी के स्रोत की जांच

यातायात डीएसपी ने मामले की जानकारी जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और खनन विभाग के अधिकारियों को दी. जब्त दोनों ट्रकों को शामपुर थाना के सुपुर्द कर दिया गया है.

खनन निरीक्षक प्रिया ने बताया कि ट्रक संख्या बीआर 10 जीडी-7789 और बीआर 51 जीआई-3239 पर नियमानुसार जुर्माना निर्धारित करने की प्रक्रिया की जा रही है. साथ ही गिट्टी के स्रोत और उसके परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी.

अधिकारियों ने बताया कि बिना वैध चालान और आवश्यक कागजात के खनिज पदार्थों का परिवहन नियमों के विरुद्ध है. जांच के बाद वाहन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Birendra Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन