मुंगेर में मकई लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालक की मौत, गांव में पसरा मातम

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 26 May 2026 11:01 AM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Munger Accident News: मुंगेर के बरियारपुर प्रखंड में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. मकई लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गयी, जिसके बाद गांव में मातम पसर गया.

विज्ञापन

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट.

Munger Accident News: मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड अंतर्गत बिंदा दियारा हरिनमार गांव में मंगलवार सुबह करीब आठ बजे हुए सड़क हादसे में एक 13 वर्षीय बालक की जान चली गयी. बताया जा रहा है कि मकई लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है.

हादसे के बाद मचा कोहराम

मृतक की पहचान काशी बाबा स्थान वार्ड संख्या-19 निवासी अवध सिंह के 13 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है. हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चे को देखकर रोने-बिलखने लगे. गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गये.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मकई लदा ट्रैक्टर गांव की सड़क से गुजर रहा था, तभी बालक उसकी चपेट में आ गया. हादसा इतना भयावह था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गयी.

चालक ट्रैक्टर लेकर हुआ फरार

घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया. ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद चालक ने रुककर मदद करने की बजाय मौके से भागने में ही भलाई समझी.

सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस फरार चालक और ट्रैक्टर की पहचान में जुट गयी है.

सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया. लोगों का कहना है कि गांव की सड़क काफी संकरी है और यहां भारी वाहनों का लगातार आवागमन होता रहता है, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और सड़क चौड़ीकरण कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सड़क का विस्तार नहीं किया गया तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं.

गांव में पसरा मातम

13 वर्षीय बच्चे की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग लगातार पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.

Also Read: IGIMS में आयुष्मान घोटाला, 45 लाख का गबन, चार आउटसोर्स कर्मियों पर केस, फंसेंगे कई और

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन