मुंगेर में डाक बम कांवरियों का उमड़ा जनसैलाब, बोल बम के जयघोष से गूंजा कांवरिया पथ

Updated:
विज्ञापन

फोटो- डाक बंम कांवरियों की भीड़ | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मुंगेर में तीसरी सोमवारी के अवसर पर बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए डाक बम कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा. श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयघोष के बीच देवघर की ओर बढ़े. स्वयंसेवी संस्थाएं कांवरियों की सेवा में जुटीं.

विज्ञापन

मुंगेर असरगंज में तीसरी सोमवारी को बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए रविवार को कांवरिया पथ पर डाक बम कांवरियों की भीड़ उमड़ पड़ी. कच्ची मोड़ और कमरांय के समीप मुंगेर सीमा पर महिला, युवा, युवती और बुजुर्ग डाक बम श्रद्धालुओं का हुजूम नजर आया. इनमें बड़ी संख्या में झारखंड से आये कांवरिये शामिल थे. भक्ति गीतों और जयघोष के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ देवघर की ओर बढ़ते रहे.

विज्ञापन

तपती धूप में भी नहीं रुके डाक बम के कदम

कांवरिया पथ पर रविवार को तेज धूप के बावजूद डाक बम श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ. कांवरिये बोल बम और हर हर महादेव के जयकारे लगाते हुए लगातार आगे बढ़ते रहे. युवा और युवतियां भक्ति धुन पर थिरकते हुए और सीटी बजाते हुए यात्रा कर रहे थे. पूरे मार्ग पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा.

24 घंटे में पूरी करते हैं 105 किलोमीटर की यात्रा

श्रावणी मेला में डाक बम की यात्रा सबसे कठिन मानी जाती है. डाक बम सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल लेकर देवघर तक करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा 24 घंटे में पूरी करते हैं. जल लेने के बाद श्रद्धालुओं का लक्ष्य लगातार बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर जल अर्पित करना होता है. रास्ते की कठिनाइयों के बावजूद वे बाबा भोलेनाथ के प्रति आस्था और विश्वास के साथ आगे बढ़ते हैं.

स्वयंसेवी संस्थाएं कर रही कांवरियों की सेवा

कच्ची कांवरिया पथ पर जगह-जगह स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से डाक बम कांवरियों की सेवा की जा रही है. शिविरों में श्रद्धालुओं को मुफ्त नींबू शरबत और पानी उपलब्ध कराया जा रहा है. कई स्वयंसेवक चलते हुए कांवरियों के पैरों में स्प्रे लगाकर राहत पहुंचा रहे हैं, जबकि कुछ स्थानों पर फल और अन्य जरूरी सामग्री भी वितरित की जा रही है.

सेवा में जुटे स्वयंसेवकों का दिख रहा उत्साह

कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे स्वयंसेवी संगठनों के सदस्यों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है. स्वयंसेवकों का कहना है कि कांवरियों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है. भीषण गर्मी और लंबी दूरी की यात्रा के बीच पानी, शरबत और प्राथमिक राहत मिलने से डाक बम कांवरियों को काफी सहूलियत मिल रही है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन