गाय चराने गया 10 साल का मोहित नहीं लौटा घर, पोखर में फिसला पैर तो गहरे पानी में समा गया, परिवार में कोहराम
मृतक के घर पर जमा भीड़ व इनसेट में मोहित कुमार का फाइल फोटो.
मुंगेर में गाय चराने गए 10 साल के मोहित कुमार की भुताही पोखर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. शौच के बाद पानी छूने के प्रयास में उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. ग्रामीणों ने बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र की मकवा पंचायत स्थित पनसाय गांव में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया. भुताही पोखर में डूबने से 10 वर्षीय मोहित कुमार की मौत हो गयी. मृतक पनसाय गांव निवासी सुबोध राम का छोटा पुत्र था. बताया गया कि मोहित गाय चराने के लिए खेत की ओर गया था. इसी दौरान शौच के बाद पानी छुआने के लिए पोखर के पास पहुंचा, जहां उतरने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
आपके शहर में
पानी में उतरते ही फिसला पैर
परिजनों के अनुसार मोहित रविवार को गाय चराने के लिए खेत गया था. इसी दौरान उसे शौच लगी. शौच करने के बाद वह पानी छुआने के लिए भुताही पोखर के समीप गया. पोखर में उतरने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया.
मोहित को डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू किया. आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चे को बचाने के लिए पोखर में उतर गये.
ग्रामीणों ने बाहर निकाला, अस्पताल में मौत
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद पोखर से मोहित को बाहर निकाला. इसके बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असरगंज लेकर पहुंचे. वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ निधि ने जांच के बाद मोहित को मृत घोषित कर दिया.
बच्चे की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार मच गयी. मां सुकृता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.
पिता और बड़ा भाई दिल्ली में करते हैं मजदूरी
मोहित अपने परिवार का सबसे छोटा पुत्र था. उसके पिता सुबोध राम और बड़ा भाई दिल्ली में मजदूरी करते हैं. मोहित की चार बहनें भी हैं. परिवार के सबसे छोटे बेटे की अचानक मौत से घर में मातम पसर गया है.
ग्रामीणों के अनुसार मोहित की मौत से पूरे पनसाय गांव में शोक का माहौल है. घटना ने परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर असरगंज थाना के पुलिस पीटीसी चंदन कुमार शर्मा अस्पताल पहुंचे. उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई पूरी की.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया है. घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने पोखर के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बरतने की जरूरत बतायी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए