जमालपुर इरिमी में बड़ा बदलाव, 341.5 करोड़ के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तैयारी, करोड़ों से बदलेगा रेलवे का प्रशिक्षण

Updated:
विज्ञापन

इरिमी में उपस्थित रेल अधिकारी व अतिथि. | Prabhat Khabar Network

जमालपुर स्थित इरिमी में स्वतंत्रता दिवस पर निदेशक जनरल अनिमेश कुमार सिन्हा ने रेलकर्मियों को संबोधित किया. संस्थान को तकनीकी रीढ़ बताते हुए उन्होंने करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की जानकारी दी, जिसमें आधुनिक प्रशिक्षण उपकरण और हॉस्टल का उन्नयन शामिल है.

विज्ञापन

जमालपुर स्थित भारतीय रेल यांत्रिक एवं विद्युत अभियंत्रण संस्थान (इरिमी) में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडोत्तोलन के बाद संस्थान के डायरेक्टर जनरल अनिमेष कुमार सिन्हा ने रेलकर्मियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि इरिमी केवल एक प्रशिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय रेल की तकनीकी रीढ़ है. संस्थान की समृद्ध विरासत के साथ राष्ट्र निर्माण में तकनीकी उत्कृष्टता के माध्यम से योगदान देने की बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ी है. उन्होंने इरिमी में प्रशिक्षण, हॉस्टल, आईटी, खेल और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार के लिए चल रही करोड़ों रुपये की योजनाओं की जानकारी दी.

आपके शहर में

विज्ञापन

आधुनिक तकनीक से बदलेगा प्रशिक्षण का तरीका

डीजी ने बताया कि वेल्डिंग तकनीक में व्यावहारिक प्रशिक्षण को बेहतर बनाने के लिए इरिमी में वेल्डिंग सिम्युलेटर स्थापित किया गया है. इसके अलावा मेटालर्जिकल माइक्रोस्कोप की खरीद प्रक्रिया भी चल रही है. इन आधुनिक उपकरणों के माध्यम से रेलकर्मियों और प्रशिक्षुओं को तकनीकी प्रशिक्षण में बेहतर व्यावहारिक अनुभव मिलने की उम्मीद है.

हॉस्टल और प्रशिक्षण सुविधाओं पर करोड़ों का काम

संस्थान के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए भी कई योजनाओं पर काम शुरू हो चुका है. वर्क प्रोग्राम के तहत करीब 2.5 करोड़ रुपये की लागत से जिमखाना, यांत्रिक निवास हॉस्टल और क्वींस रोड हॉस्टल में एयर कंडीशनिंग तथा विद्युतीय कार्य स्वीकृत किए गए हैं.

इसके अलावा हॉस्टल में प्रशिक्षण सुविधाओं के उन्नयन के लिए 2.38 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत हैं. यांत्रिक निवास में योग प्रशिक्षक कक्ष सहित अन्य प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास का काम भी शुरू हो गया है.

पुराने ऑडिटोरियम से ऑनलाइन परीक्षा तक तैयारी

इरिमी के पुराने ऑडिटोरियम के उन्नयन का काम भी प्रगति पर है. ऑनलाइन परीक्षा की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कंप्यूटर खरीद हेतु 56.50 लाख रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है. वहीं आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, खेलकूद और प्रशिक्षण सुविधाओं के उन्नयन के लिए 4.5 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया है.

इस राशि से हॉस्टल में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ क्वींस रोड हॉस्टल के उन्नयन का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा.

युवाओं के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तैयारी

महानिदेशक ने बताया कि इरिमी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है. इसके लिए करीब 341.5 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है. प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति मिलने की संभावना है.

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था और मजबूत आधारभूत संरचना के जरिए इरिमी को रेलवे की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप और सक्षम बनाया जा रहा है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन