बिजली बिल में गड़बड़ी से परेशान हैं? मुंगेर में 17 से 22 अगस्त तक लगेगा विशेष सुधार शिविर, ऐसे मिलेगा समाधान
सांकेतिक तस्वीर.
मुंगेर के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत! मीटर रीडिंग, गलत बिल या बकाया जैसी समस्याओं के समाधान के लिए 17 से 22 अगस्त तक विशेष विद्युत सुधार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. अपनी शिकायतें दर्ज कराएं और त्वरित समाधान पाएं.
मुंगेर जिले के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है. मीटर रीडिंग में गलती, गलत या औसत बिल, पुराने बकाये और बिल से जुड़ी अन्य परेशानियों को दूर करने के लिए 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक विशेष विद्युत विपत्र सुधार शिविर लगाया जाएगा. जिले के सभी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल एवं अवर प्रमंडल कार्यालयों में प्रत्येक कार्यदिवस पर आयोजित होने वाले इस शिविर में उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज कराकर उसका समाधान करा सकेंगे.
स्मार्ट मीटर के बाद बिलिंग व्यवस्था में बदलाव
विद्युत विभाग के अनुसार स्मार्ट प्रीपेड मीटर की शुरुआत के बाद उपभोक्ताओं के लिए नई एकीकृत बिलिंग प्रणाली लागू की गई है. इसे राजस्व निगरानी प्रणाली यानी आरएमएस से जोड़ा गया है. पुरानी एसएपी एवं एनआइसी आधारित प्रणालियों के उपभोक्ताओं को भी नई व्यवस्था में स्थानांतरित किया जा चुका है.
स्थानांतरण से जुड़ी अधिकांश समस्याओं का समाधान हो चुका है, लेकिन कुछ उपभोक्ताओं को अब भी बिजली बिल से संबंधित परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इन्हीं शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
मीटर रीडिंग से लेकर बकाये तक की होगी जांच
शिविर में उपभोक्ताओं की बिल संबंधी विभिन्न शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा. इसमें मीटर रीडिंग में त्रुटि, गलत बिल, औसत विपत्र, बकाया राशि तथा अन्य बिलिंग विसंगतियों से जुड़ी शिकायतें शामिल हैं.
जिन मामलों का समाधान मौके पर ही संभव होगा, उन्हें तत्काल निष्पादित किया जाएगा. वहीं जिन शिकायतों का तत्काल निपटारा नहीं हो सकेगा, उन्हें संबंधित पदाधिकारी द्वारा चिह्नित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान कराया जाएगा.
नजदीकी बिजली कार्यालय में पहुंचकर कराएं शिकायत का समाधान
विद्युत विभाग ने मुंगेर जिले के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी बिल संबंधी समस्या को लेकर अपने क्षेत्र के निकटतम विद्युत आपूर्ति प्रमंडल या अवर प्रमंडल कार्यालय में आयोजित शिविर में पहुंचें.
विभाग का उद्देश्य बिलिंग संबंधी शिकायतों का समाधान करने के साथ-साथ लंबित बकाया राशि की वसूली में भी सहयोग प्राप्त करना है. ऐसे में जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल में लंबे समय से गड़बड़ी या किसी प्रकार की विसंगति बनी हुई है, उनके लिए यह शिविर शिकायत दूर कराने का बेहतर अवसर होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राणा गौरी शंकर
राणा गौरी शंकर प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक आज से की. अभी प्रभात खबर के मुंगेर कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










