एनएच पर हाईवे टास्क फोर्स का अभियान, सड़क पर सुख रहे मकई को हटावाया
Published by : BIRENDRA KUMAR SING Updated At : 27 May 2026 8:18 PM
अधिकारियों ने सड़क किनारे खड़े ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की जांच की तथा अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया.
– अवैध अतिक्रमण, पार्किंग और सड़क पर मकई सुखाने वालों को चेतावनी, घोरघट से बाहाचौकी तक चला गया अभियान
मुंगेरजिले में राष्ट्रीय राजमार्ग को सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए बुधवार को हाईवे टास्क फोर्स टीम ने बड़ा अभियान चलाया. जिले की सीमा घोरघट से लेकर बाहाचौकी तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और एनएच का अन्य कार्यों में उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई. अभियान के दौरान माइकिंग कर लोगों को चेतावनी दी गई कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अब किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
अधिकारियों ने एनएच-80 पर चलाया अतिक्रमण के खिलाफ अभियान
जिला परिवहन पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार अलवेला व ट्रैफिक डीएसपी प्रभात रंजन के नेतृत्व में टीम ने एनएच पर अभियान चलाया. इस दौरान टीम ने जहां एनएच को अतिक्रमण मुक्त रखने को लेकर माइकिंग कराया, वहीं दूसरी ओर सड़क पर मकई सुखाने वाले किसानों को जमकर फटकार लगाते हुए एनएच से मकई को हटवाया. अधिकारियों ने सड़क किनारे खड़े ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की जांच की तथा अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया. टीम ने स्पष्ट कहा कि एनएच पर ट्रक या अन्य वाहन खड़ा कर छोड़ने वालों पर अब सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. टीम में ट्रैफिक थानाध्यक्ष ध्रुव कुमार, एनएच विभाग के अधिकारी शामिल थे.
सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, अवैध निर्माण पर भी नजर
अभियान के दौरान कई जगहों पर ग्रामीणों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मकई सुखाई जा रही थी. टीम ने तत्काल माइकिंग कर सड़क खाली कराई और लोगों को समझाया कि एनएच पर फसल सुखाना गंभीर हादसों का कारण बन सकता है. अधिकारियों ने कहा कि सड़क केवल आवागमन के लिए है और इसका उपयोग निजी गतिविधियों के लिए नहीं किया जा सकता. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे किसी भी नए निर्माण की अनुमति नहीं होगी. यदि पहले से बने निर्माण अवैध पाए जाते हैं तो उन्हें भी हटाने की कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया गया है और आगे भी लगातार जारी रहेगा.
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई
सुप्रीम कोर्ट ने देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों से अवैध निर्माण और अवैध पार्किंग हटाने का निर्देश दिया है. मंगलवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई थी. जिसमें उन्होंने एनएच पर अभियान चला कर अतिक्रमण व अवैध पॉर्किंग हटाने का निर्देश दिया था. इसी के तहत मुंगेर जिले में भी यह विशेष अभियान चलाया गया. हाईवे टास्क फोर्स ने लोगों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और राष्ट्रीय राजमार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें.
———————————————बॉक्स
———————————————अतिक्रमण की जाल में कराह रहा एनएच-80, लगता है ग्रामीण हाट
मुंगेर : मुंगेर जिले की सीमा घोरघट से लेकर बाहाचौकी तक एनएच-80 का फैलाव है. यह एक ऐसा एनएच है, जहां सड़कों पर ही दुकानें सजती है और ग्रामीण हाट लगता है. जबकि सड़क के दोनों किनारे बड़ी आबादी बसी हुई और यहां निवासित लोगों की सुबह की शुरुआत एनएच पर से ही होती है. एनएच 80 सड़क के दोनों किनारे ट्रक सहित अन्य भारी वाहनों का अवैध पड़ाव 24 घंटा रहता है. इसके अलावे एनएच 80 की सड़कों पर गैराज, ऑटो पार्टस की दुकान, चाय-नाश्ते की दुकान सहित अन्य फुटपाथ की दुकानें सजती है. जबकि कई जगहों पर ग्रामीण हाट भी लगता है. इससे दो लेन की सड़क पर भी चलना जोखिम भरा है. बाहा चौकी, सिंघिया, पड़हम, नौवागढ़ी और बरियारपुर ब्रह्मस्थान इलाके में स्थिति सबसे अधिक गंभीर बनी हुई है. इन स्थानों पर सड़क किनारे अस्थायी दुकानों और सड़क लगने वाली हाट के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित रहती है. इससे जहां लगातार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है, वहीं सड़क हादसों में लोगों की जान भी जा रही है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










