‘संसार जिसे ठुकराता है, भगवान उसे अपनाते हैं’, विष्णु महायज्ञ में बोले स्वामी कूरेशाचार्य

Updated:
विज्ञापन

श्रीमद भागवत कथा में ध्रुव प्रसंग

मुंगेर के हवेली खड़गपुर में आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ में श्रीमद्भागवत कथा के दौरान स्वामी कूरेशाचार्य जी महाराज ने ध्रुव प्रसंग से भक्तों को भावविभोर कर दिया. उन्होंने संदेश दिया कि सांसारिक मोह त्यागकर ईश्वर की शरण में जाने वाला जीव ही वास्तविक सुख और शांति प्राप्त करता है.

विज्ञापन

हवेली खड़गपुर मुंगेर से रतन झा की रिपोर्ट: नगर के डीएवी पब्लिक स्कूल के पीछे नया टोला में आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ में इन दिनों आस्था का जनसैलाब उमड़ रहा है. महायज्ञ को लेकर पूरा क्षेत्र वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों से गुंजायमान है. इस अवसर पर आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जहां विद्वान कथावाचक भक्ति और ज्ञान की गंगा बहा रहे हैं.

जगत की ठोकर ही जगदीश की ओर ले जाती है

महोत्सव के दौरान अवध धाम से पधारे श्रीमज्जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी कूरेशाचार्य जी महाराज ने ध्रुव प्रसंग की विस्तृत व्याख्या की. उन्होंने भावपूर्ण संबोधन में कहा कि जब इंसान को संसार से तिरस्कार मिलता है, तभी वह ईश्वर की वास्तविक शरण में जाता है. महाराज जी ने कहा, “भगवान उसी को अपनाते हैं जिसे संसार ठुकरा देता है. मनुष्य जब तक अहंकार और सांसारिक मोह में उलझा रहता है, वह ईश्वर से दूर रहता है, लेकिन जगत की ठोकर ही जीव को जगदीश की ओर ले जाती है.” उन्होंने इसे भगवान की विशेष कृपा का संकेत बताया.

सांख्य शास्त्र और भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण

स्वामी जी ने कपिलोपाख्यान के माध्यम से सांख्य शास्त्र के गूढ़ उपदेशों को अत्यंत सरल और प्रेरणादायी ढंग से श्रद्धालुओं के समक्ष रखा. कथा के बीच-बीच में आयोजन के संयोजक और प्रसिद्ध लोक-भजन गायक अमर ज्योति अनुज ने अपने सुरीले भजनों से समां बांध दिया. उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा वातावरण दिव्य अनुभूति से भर गया.

वैदिक विधान से संपन्न हो रहा अनुष्ठान

श्री विष्णु महायज्ञ का कर्मकांड काशी के यज्ञाचार्य अमित शास्त्री जी महाराज और व्यवस्थापक समित शास्त्री जी महाराज के सानिध्य में पूर्ण वैदिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया जा रहा है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु यज्ञशाला की परिक्रमा कर पुण्य के भागी बन रहे हैं. आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय समिति के सदस्य और श्रद्धालु दिन-रात सक्रिय योगदान दे रहे हैं.

विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन