वार्ड एक में नाला निर्माण बना राहगीरों के लिए आफत, अंधेरे के कारण दुर्घटना का बना डर

Updated:
विज्ञापन
वार्ड एक में नाला निर्माण बना राहगीरों के लिए आफत, अंधेरे के कारण दुर्घटना का बना डर

गली में हो रहा नाली निर्माण

जमालपुर नगर परिषद के वार्ड एक में सिटी कार्ट के बगल वाली गली में नाला निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे और खराब स्ट्रीट लाइट ने राहगीरों की मुसीबत बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों ने अंधेरे और असुरक्षित निर्माण कार्य के कारण दुर्घटना की आशंका जताते हुए अविलंब सुधार की मांग की है.

विज्ञापन

मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट: नगर परिषद की लापरवाही और सुस्ती का खामियाजा जमालपुर के वार्ड संख्या एक स्थित सिटी कार्ट के बगल वाली गली के निवासियों और राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है. मुंगेर-जमालपुर रोड के नीचे ढलान पर नाला निर्माण के लिए गली के बीचों-बीच गहरा गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है. इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट खराब होने से पूरी गली में अंधेरा छाया रहता है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है.

मुख्य सड़क पर मॉल होने से आवाजाही अधिक, पर व्यवस्था नगण्य

स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य सड़क पर दो-दो शॉपिंग मॉल होने के कारण इस गली से बड़ी संख्या में पैदल राहगीरों, महिलाओं, बच्चों और बाइक सवारों की आवाजाही होती है. नाले निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे ने इस मार्ग को संकरा और खतरनाक बना दिया है. संवेदक द्वारा गड्ढा खोदकर काम की गति धीमी कर देने से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है. वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

स्ट्रीट लाइट बंद होने से अंधेरे में चलने को मजबूर लोग

मरीज, बुजुर्ग और बच्चे शाम ढलते ही इस गली से गुजरने में कतराने लगे हैं. स्ट्रीट लाइट बंद रहने के कारण रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे बाइक सवारों के गिरने और लोगों के चोटिल होने की घटनाएं बढ़ रही हैं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि संवेदक और नगर परिषद ने सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं और न ही रोशनी की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है.

बारिश होने पर और भी विकट हो सकते हैं हालात

लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही काम पूरा नहीं किया गया और बारिश हो गई, तो यह पूरी गली कीचड़ और पानी से भर जाएगी, जिससे चलना पूरी तरह मुश्किल हो जाएगा. स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि गली की स्ट्रीट लाइट को अविलंब दुरुस्त किया जाए और नाला निर्माण का कार्य तेज गति से पूरा कराया जाए ताकि राहगीरों को इस संकट से मुक्ति मिल सके.

विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन