मुख्यमंत्री के समृद्धि यात्रा को लेकर मुंगेर में तैयारियां तेज, डीएम ने किया स्थलों का निरीक्षण

प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री हवाई अड्डा परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे.
मुंगेर मुंगेर जिले में अगले सप्ताह प्रस्तावित मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई है. रविवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक सहित कई विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे. जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के मद्देनजर सभी विभागों को सक्रिय मोड में कार्य करने का निर्देश दिया गया है. निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी साफियाबाद हवाई अड्डा पहुंचकर मुख्य कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया. यहां सुरक्षा, मंच निर्माण, आमजन के बैठने की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं और कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. बताया गया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री हवाई अड्डा परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे. इसके बाद वे आयोजित आमसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें जिले के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. बताया गया कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पोलो मैदान पहुंचेंगे. यहां उतरने के बाद वे संग्रहालय के समीप स्थित जिला उद्योग केंद्र के नवनिर्मित भवन का अवलोकन करेंगे. इसके बाद कष्टहरणी घाट, जिला पंचायत संसाधन केंद्र के नवनिर्मित भवन तथा भगत सिंह चौक स्थित पशुपालन विभाग के भवन का भी निरीक्षण करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है. जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले के सभी विभागों को पूरी गंभीरता के साथ तैयारी करने का निर्देश दिया गया है तथा सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




